अजमा का आरोप; 'भारत विरोधी एजेंडे के पीछे थे शरीफ'
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा किए गए जवाबी सैन्य अभियान 'ऑपरेशन सिंदूर' ने न सिर्फ आतंक के अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया, बल्कि पाकिस्तान की सियासत में भी भूचाल ला दिया है। अब पाकिस्तान सरकार की एक वरिष्ठ मंत्री ने चौंकाने


पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा किए गए जवाबी सैन्य अभियान 'ऑपरेशन सिंदूर' ने न सिर्फ आतंक के अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया, बल्कि पाकिस्तान की सियासत में भी भूचाल ला दिया है। अब पाकिस्तान सरकार की एक वरिष्ठ मंत्री ने चौंकाने वाला दावा किया है कि भारत के खिलाफ हमले की पूरी योजना पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की देखरेख में बनाई गई थी।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) की वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रांत की सूचना मंत्री अजमा बुखारी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "भारत के खिलाफ जो भी रणनीति बनाई गई, वह नवाज शरीफ के नेतृत्व में बनी। नवाज शरीफ कोई मामूली नेता नहीं हैं, उनका विजन दूरदर्शी है और उनकी सोच रणनीतिक होती है।" बुखारी के इस बयान ने पाकिस्तान की आंतरिक राजनीति को गरमा दिया है, और विपक्षी दलों ने सरकार पर तीखा हमला बोलना शुरू कर दिया है।
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आत्मघाती हमले में कई निर्दोष लोगों की जान गई थी। इसके जवाब में भारत ने 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान के भीतर कई आतंकी शिविरों को निशाना बनाते हुए एयरस्ट्राइक की। इन हमलों में 100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की खबर है।
भारत की इस कार्रवाई से घबराया पाकिस्तान बौखला गया और भारत के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन हमले की कोशिश की, लेकिन भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया। जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर हमले कर उन्हें तबाह कर दिया।
हालात बिगड़ते देख पाकिस्तान के सैन्य अधिकारी भारत के डीजीएमओ को फोन कर सीजफायर की गुहार लगाने लगे। सीजफायर के बाद नवाज शरीफ ने बयान जारी कर कहा, "पाकिस्तान को गौरवान्वित करने के लिए अल्लाह का शुक्रिया। मैं प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ, सेना प्रमुख असीम मुनीर और सशस्त्र बलों को बधाई देता हूं।"
नवाज शरीफ पहले भी 1999 के कारगिल युद्ध में विवादों में रहे हैं। अब उनके नाम पर एक और बड़ी साजिश का आरोप लगना पाकिस्तान के लिए कूटनीतिक रूप से नुकसानदायक साबित हो सकता है। भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह हर आतंकी हरकत का मुंहतोड़ जवाब देगा।

