Trump
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दवा कीमतों में भारी कटौती के ऐलान ने ग्लोबल फार्मा मार्केट को हिला कर रख दिया है। ट्रंप ने कहा कि वे अमेरिकी दवाओं की कीमतों में 30 से 80 फीसदी तक की कटौती करने वाले आदेश पर हस्ताक्षर करने जा रहे हैं। इस बयान के बाद भारतीय दवा कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
सन फार्मा के शेयरों में सबसे बड़ी गिरावट :
देश की दिग्गज दवा कंपनी सन फार्मा के शेयर शुरुआती कारोबार में ही 7 फीसदी तक टूटकर 1,623.60 रुपये पर पहुंच गए। इसके अलावा एस्ट्राजेनेका, ल्यूपिन, ग्लेनमार्क और अरबिंदो फार्मा जैसी कंपनियों के शेयरों में भी 3 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
ट्रंप ने उठाए दवा कंपनियों पर सवाल :
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ सोशल' पर लिखा, "दुनिया हैरान है कि आखिर अमेरिका में बाकी देशों की तुलना में दवाओं की कीमतें इतनी ज्यादा क्यों हैं। कई दवाएं तो 5 से 10 गुना महंगी होती हैं, जबकि वही दवा, उसी कंपनी की लैब या प्लांट में बनाई जाती है।"
उन्होंने दवा कंपनियों पर रिसर्च और डेवलपमेंट खर्च में भेदभाव का भी आरोप लगाया और कहा कि अमेरिकी उपभोक्ताओं पर अनावश्यक बोझ डाला गया है।
एशियाई फार्मा बाजार में भी दिखा असर :
  • ट्रंप के इस एलान का असर सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरे एशियाई फार्मा बाजार पर भी पड़ा।
  • जापान की चुगई फार्मास्युटिकल के शेयर 7.2 प्रतिशत गिर गए, जो इस महीने की सबसे बड़ी गिरावट है।
  • Daiichi Sankyo और Takeda के शेयर भी 5 प्रतिशत तक टूटे।
  • दक्षिण कोरिया की कंपनियां जैसे SK Biopharmaceuticals, Celltrion और Samsung Biologics के शेयरों में भी 3 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
गौरतलब है कि ट्रंप ने अपने पिछले कार्यकाल में भी 2020 में इसी तरह की पॉलिसी लाने की कोशिश की थी, लेकिन तब अदालत ने उनके कदम पर रोक लगा दी थी। इस बार उनके बयान के बाद ग्लोबल फार्मा इंडस्ट्री में भारी हलचल देखी जा रही है।
निवेशकों के लिए सूचना : ( यह ध्यान रखना जरूरी है कि शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना आवश्यक है। )
यह भी पढे :
Next Story