ऑपरेशन सिंदूर पर PM का एलान; रात 8 बजे देश से मुखातिब
5/12/2025 5:15:09 PM
भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार (12 मई 2025) को रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे वक्त में हो रहा है जब दोनों देशों के बीच डीजीएमओ स्तर की वार्ता होनी है और युद्धविराम पर सहमति के संकेत मिले हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह मोदी का पहला बड़ा बयान होगा, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।
शेयर बाजार में भूचाल; सन फार्मा 7% लुढ़कने से धराशायी
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान के भीतर 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया। भारतीय सेना ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई सिर्फ आतंकवादियों के खिलाफ थी, लेकिन पाकिस्तान की सेना ने इस लड़ाई को अपनी लड़ाई बना लिया और भारत के मिलिट्री बेस और आम नागरिकों को निशाना बनाने की कोशिश की।
इसके जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। इस पूरे घटनाक्रम के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश दौरा बीच में छोड़कर तुरंत देश लौटकर स्थिति की समीक्षा की। पीएम मोदी ने लगातार उच्चस्तरीय बैठकें कर ऑपरेशन सिंदूर की रणनीति को अंतिम रूप दिया और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ समन्वय बनाए रखा।
आज दिन में पीएम मोदी ने एक और उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, एनएसए अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और तीनों सेना प्रमुख मौजूद थे। इस बैठक में पाकिस्तान के साथ होने वाली डीजीएमओ वार्ता और मौजूदा हालात पर चर्चा हुई।
7 मई को लॉन्च हुआ ऑपरेशन सिंदूर भारत की आतंकवाद के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति का प्रतीक है। पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों की शहादत के बाद देशभर में आक्रोश था। अब पीएम मोदी का आज का संबोधन देशवासियों को यह बताएगा कि भारत की सुरक्षा नीति क्या दिशा लेने जा रही है और पाकिस्तान को लेकर अगला कदम क्या होगा।
Editorial

Editorial

Next Story