पाकिस्तान को सख्त चेतावनी; ऑपरेशन सिंदूर पर सेना का वार्निंग शॉट
5/12/2025 3:55:11 PM
Operation Sindoor : ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारतीय सेना ने सोमवार को प्रेस ब्रीफिंग में बड़ा खुलासा किया। तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ तौर पर बताया कि भारतीय सेना की कार्रवाई केवल आतंकवाद और आतंकियों के ठिकानों के खिलाफ थी, लेकिन पाकिस्तान की सेना ने खुलकर आतंकियों का साथ दिया। एयर मार्शल ए.के. भारती ने कहा कि भारत की लड़ाई पाकिस्तान से नहीं, आतंकवाद से है, लेकिन पाकिस्तानी सेना ने इस संघर्ष को अपनी लड़ाई बना लिया।
एयर मार्शल भारती ने जानकारी दी कि 7 मई को किए गए हमलों में केवल आतंकी इन्फ्रास्ट्रक्चर को ही निशाना बनाया गया था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "हमारे सभी सैन्य अड्डे पूरी तरह एक्टिव हैं और जरूरत पड़ी तो भविष्य में भी हर मिशन को अंजाम देने के लिए तैयार हैं। दुश्मन के लिए हमारी एयर डिफेंस सिस्टम को भेदना नामुमकिन है।"
शेयर बाजार में भूचाल; सन फार्मा 7% लुढ़कने से धराशायी
'पाक सेना ने आतंकियों को दी खुली मदद' :
भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि उसने न सिर्फ आतंकियों को संरक्षण दिया, बल्कि जवाबी कार्रवाई में भी उनका साथ दिया। एयर मार्शल भारती ने कहा, "पाकिस्तानी सेना ने आतंकवादियों का साथ देकर इस लड़ाई को खुद की लड़ाई बना लिया। हमारी जवाबी कार्रवाई उनके लिए सबक है।"
'हमारे एयरफील्ड 100% ऑपरेशनल':
डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने भी पाकिस्तान की हरकतों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पाकिस्तान के ड्रोन हमारे एयर डिफेंस ग्रिड के कारण नष्ट हो गए। उन्होंने कहा, "हमारे एयरफील्ड हर प्रकार से ऑपरेशनल हैं। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) की मुस्तैदी ने पाकिस्तान की नापाक कोशिशों को नाकाम कर दिया।"
'आतंकी गतिविधियों का बदलता स्वरूप' :
लेफ्टिनेंट जनरल घई ने कहा कि हाल के वर्षों में आतंकी हमलों का तरीका बदल गया है। अब सीधे निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। 2024 में शिवखोड़ी मंदिर के तीर्थयात्रियों और अप्रैल में पहलगाम में मासूम पर्यटकों पर हुए हमलों को इसका उदाहरण बताया गया।
उन्होंने कहा, "पहलगाम तक आतंकियों का पाप का घड़ा भर चुका था। हमारी सेना ने बिना एलओसी और आईबी पार किए सटीक हमले किए। पाकिस्तान की ओर से किसी भी प्रतिक्रिया की आशंका को भांपते हुए हमने एयर डिफेंस की जबरदस्त तैयारी की थी।"
'पाक वायुसेना की नाकाम कोशिश' :
भारतीय सेना के मुताबिक, 9-10 मई को पाकिस्तान की वायुसेना ने भारतीय सैन्य ठिकानों और लॉजिस्टिक इंस्टॉलेशन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय एयर डिफेंस ग्रिड के आगे वे पूरी तरह विफल रहे।
सेना ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत की लड़ाई सिर्फ आतंकवाद से है, लेकिन यदि पाकिस्तान आतंकियों का साथ देता रहेगा, तो उसे हर बार करारा जवाब मिलेगा।
Next Story