After Rohit, Virat Steps Down from Tests Cricket
5/12/2025 12:57:30 PM
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली ने 12 मई 2025 को आधिकारिक तौर पर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। सुबह 11:43 बजे अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कोहली ने इस ऐतिहासिक फैसले की जानकारी दी, जिसने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की आंखें नम कर दीं।
विराट का इमोशनल रिटायरमेंट पोस्ट :
कोहली ने टेस्ट जर्सी में अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बैगी ब्लू जर्सी पहने हुए 14 साल हो चुके हैं। ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह फॉर्मेट मुझे किस सफर पर ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और जीवन के ऐसे सबक सिखाए जिन्हें मैं हमेशा अपने साथ रखूंगा।"
उन्होंने आगे कहा, "वाइट जर्सी में खेलना एक बहुत ही निजी अनुभव है। लंबे-लंबे दिन, चुपचाप किया गया परिश्रम, छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देखता लेकिन वही हमेशा याद रहते हैं। इस फॉर्मेट से दूर जाना आसान नहीं, लेकिन यह सही समय है। मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया है और इसने बदले में मुझे उम्मीद से कहीं ज़्यादा लौटाया है।"
14 साल का शानदार टेस्ट करियर :
विराट कोहली ने 20 जून 2011 को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। हालांकि पहले मैच में कोहली ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके और 4 व 15 रन की पारियां खेलीं। लेकिन धीरे-धीरे वह भारतीय टेस्ट टीम की रीढ़ बन गए। अपने 14 साल के लंबे टेस्ट करियर में कोहली ने 123 टेस्ट मैचों की 210 पारियों में कुल 9230 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर 254 रन नाबाद रहा, जो उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जड़ा था। कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 30 शतक और 31 अर्धशतक लगाए।
कोहली का आखिरी टेस्ट :
विराट कोहली ने अपना आखिरी टेस्ट मैच जनवरी 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तहत खेला। इस मैच की पहली पारी में उन्होंने 17 रन और दूसरी पारी में 6 रन बनाए।
विराट कोहली के संन्यास के साथ ही भारतीय क्रिकेट में एक 'विराट युग' का अंत हो गया है। उनकी आक्रामक कप्तानी, शानदार बल्लेबाज़ी और फाइटिंग स्पिरिट ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। कोहली का टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहना हर क्रिकेट प्रेमी के लिए एक भावुक पल है।
Editorial

Editorial

Next Story