Jaisalmer on High Alert, Complete Lockdown Imposed!
5/10/2025 12:50:17 PM
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। जैसलमेर जिला प्रशासन ने शनिवार (10 मई) को पूर्ण बंदी का आदेश जारी करते हुए सभी बाजार, दुकानें और सार्वजनिक स्थल बंद करने का निर्देश दिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से लगातार अनाउंसमेंट कर आम जनता से अपील की जा रही है कि वे अपने-अपने घरों में ही रहें और किसी भी स्थिति में बाहर न निकलें।
शनिवार की सुबह जैसे ही ब्लैकआउट समाप्त हुआ, शहर में हलचल शुरू हो गई थी और बाजार खुल गए थे। लेकिन, इसी बीच खबर आई कि भारतीय सेना ने जैसलमेर में दो अलग-अलग जगहों पर पाकिस्तान की ओर से दागी गई मिसाइलों को मार गिराया है। इसके बाद हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्ण बंदी लागू कर दी।
जैसलमेर पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सभी प्रकार के सार्वजनिक समारोहों, आयोजनों, धार्मिक कार्यक्रमों और भीड़-भाड़ वाले इकट्ठों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सभी दुकानें और प्रतिष्ठान अग्रिम आदेश तक बंद रखे जाएंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी बीच, जोधपुर में भी रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। यहां लगातार सायरन बज रहे हैं और पुलिस द्वारा लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट करते हुए बाजार बंद कराए जा रहे हैं। पुलिस की गाड़ियाँ गश्त पर हैं और दुकानदारों से तत्काल प्रभाव से प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की जा रही है।
जैसलमेर में मिला संदिग्ध मलबा:
शुक्रवार (9 मई) को जैसलमेर के किशनघाट इलाके में एक अज्ञात वस्तु का मलबा मिला, जिसे भारतीय सेना और पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आशंका जताई जा रही है कि यह मलबा पाकिस्तान से हुई हवाई घुसपैठ के दौरान गिरा कोई सैन्य उपकरण हो सकता है। सुरक्षा एजेंसियाँ इसकी गहन जांच कर रही हैं।
फिलहाल, सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और सेना हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखे हुए है। प्रशासन ने जनता से संयम बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
Editorial

Editorial

Next Story