5/10/2025 4:16:24 PM
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव ने पूरे देश को प्रभावित किया है। आम नागरिकों से लेकर फिल्मी सितारों तक, हर कोई मौजूदा हालात को लेकर अपनी प्रतिक्रिया और भावनाएँ ज़ाहिर कर रहा है। इस कड़ी में बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति खरबंदा ने भी एक भावुक पोस्ट के ज़रिए अपने जज़्बात साझा किए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कृति ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “आज मैंने खुद को दो फीलिंग्स के बीच फंसा पाया – एक तरफ सुरक्षा के लिए आभार और दूसरी तरफ उस पर अपराधबोध। क्या दोनों भावनाएं एक साथ महसूस की जा सकती हैं? क्योंकि मैं उन्हें गहराई से महसूस करती हूं।”
उन्होंने बताया कि परिवार के साथ की गई बातचीत उन्हें पुरानी यादों में ले गई, और उसी बीच उनकी भावनाएँ उभर आईं। उन्होंने लिखा, “हंसी और पॉज के बीच कहीं, यह सब मुझे उम्मीद से कहीं ज़्यादा गहराई से प्रभावित कर गया।”
'महामारी, अब युद्ध – क्या ये सब सोचा था?'
कृति ने आगे लिखा कि बचपन में उन्होंने कभी महामारी या युद्ध जैसी स्थितियों की कल्पना नहीं की थी। उन्होंने कहा, “एक बच्ची के तौर पर मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे ऐसी स्थितियों से गुजरना पड़ेगा। और अब, एक एडल्ट के रूप में, मैं शायद दुनिया को थोड़ा बेहतर समझती हूं, लेकिन मेरे अंदर की वो छोटी लड़की अभी भी इन हालातों को समझने की कोशिश कर रही है।”
'कभी नहीं समझ पाऊंगी, अपने देश के लिए लड़ना क्या होता है'
उन्होंने भारतीय सेना के बलिदान को सराहते हुए लिखा, “मैं हमेशा से जानती हूं कि देश के लिए लड़ना क्या होता है, लेकिन आज मुझे एहसास हुआ कि शायद मैं कभी पूरी तरह नहीं समझ पाऊंगी कि इसके लिए क्या-क्या सहना पड़ता है।”
कृति ने अपने पोस्ट के अंत में उन लोगों के साथ एकजुटता दिखाई जो इस समय डर, उलझन या बेचैनी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, “अगर आप भी इस समय परेशान, डरे हुए या अभिभूत महसूस कर रहे हैं, तो जान लीजिए – आप अकेले नहीं हैं। और एक साथ सब कुछ महसूस करना बिल्कुल ठीक है।”
कृति खरबंदा की यह पोस्ट उन तमाम लोगों की भावनाओं की आवाज़ बन गई है, जो मौजूदा हालात में संवेदनशीलता और इंसानियत को ज़िंदा रखने की कोशिश कर रहे हैं।
Next Story