Hot Days, Hotter Nights: Alert Raised!
देश के कई हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, सौराष्ट्र, कच्छ, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कई इलाकों में तेज लू ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। वहीं दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कहीं-कहीं लू की स्थिति बनी रही।
कहां-कहां तापमान 45 डिग्री के पार ?
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, देश के कई हिस्सों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है। इसमें राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, और मध्य महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्र शामिल हैं। वहीं गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में भी पारा इसी स्तर पर पहुंच गया है।
राजस्थान की तपती रातें, जारी रेड अलर्ट :
गर्मी अब केवल दिन तक सीमित नहीं रही, बल्कि राजस्थान और सौराष्ट्र में रातें भी गर्म और असहज होती जा रही हैं। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन स्थानों पर रात का तापमान भी राहत नहीं दे रहा, जिससे लोगों को नींद और स्वास्थ्य दोनों पर असर पड़ रहा है।
9 और 10 अप्रैल के लिए क्या है अलर्ट ?
9 अप्रैल: गुजरात, मध्य प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां कुछ इलाकों में भीषण हीटवेव की आशंका है। 10 अप्रैल: गुजरात, पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर से हीटवेव की स्थिति बन सकती है। इन इलाकों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। वहीं उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलेगा — जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आंधी, तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
11 अप्रैल से मिलेगी राहत ?
मौसम विभाग की मानें तो 11 अप्रैल से हीटवेव की तीव्रता में गिरावट आने लगेगी। राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे तापमान में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
Editorial

Editorial

Next Story