Delhi Heat Soars! When Will Relief Come?
अप्रैल की शुरुआत होते ही दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को राजधानी में मौसम बेहद गर्म रहा, जहां आयानगर और रिज इलाकों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, सफदरजंग में 40.2 डिग्री, जबकि पालम और लोधी रोड जैसे इलाकों में तापमान 39 डिग्री के करीब रहा। जैसे-जैसे तापमान चढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे हीटवेव यानी लू का प्रभाव भी बढ़ता जा रहा है।
अभी और बढ़ेगी तपिश, जारी रहेगा हीटवेव का असर :
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दो दिन – मंगलवार और बुधवार को भी दिल्ली के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है। सोमवार को आयानगर और रिज जैसे इलाकों में लू का असर देखा गया, जबकि मंगलवार को यह असर राजधानी के अधिकतर हिस्सों में फैल सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दिन प्रतिदिन गर्मी बढ़ रही है और फिलहाल इससे राहत की कोई संभावना नजर नहीं आ रही।
राजस्थान और कच्छ में भी भीषण लू की चेतावनी :
दिल्ली के साथ ही पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ जैसे क्षेत्रों में भी 8 अप्रैल को भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिनों तक गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में लू की स्थिति बनी रहेगी। इन क्षेत्रों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
10 अप्रैल के बाद मिल सकती है थोड़ी राहत :
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 10 अप्रैल के बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। दरअसल, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 8 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है, जिससे 7 से 10 अप्रैल के बीच पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस सिस्टम के असर से उत्तर भारत में भी गर्म हवाओं की तीव्रता में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।
स्वास्थ्य पर असर और बचाव के उपाय :
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही अधिक पानी पीने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने, और बच्चों व बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई है। लू से बचाव के लिए खानपान और ठंडी जगहों में रहने पर जोर दिया गया है।
Editorial

Editorial

Next Story