ट्रंप की चेतावनी; चीन नहीं सुधरा तो पड़ेगा 50% टैक्स
अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर अब निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर मंगलवार (8 अप्रैल 2025) तक चीन ने अमेरिकी सामानों पर लगाए गए 34 फीसदी के जवाबी शुल्क को वापस नहीं लिया, तो बुधवार से चीन के आयात पर अमेरिका सीधे 50 फीसदी का रेसिप्रोकल टैरिफ लगा देगा। ट्रंप का यह ऐलान ऐसे समय पर आया है जब दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव चरम पर पहुंच चुका है। इससे पहले अमेरिका ने चीनी सामानों पर 20 फीसदी टैरिफ लगाया था, जिसे अब बढ़ाकर 54 फीसदी कर दिया गया है। जवाब में चीन ने भी अमेरिका से आने वाले सभी सामानों पर 10 अप्रैल से 34 फीसदी का टैक्स लगाने की घोषणा की है।
"अगर नहीं माने तो बातचीत खत्म!" – ट्रंप की सोशल मीडिया पर धमकी :
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर पोस्ट कर कहा, "अगर चीन ने जवाबी टैरिफ वापस नहीं लिया तो हम चीन के साथ सभी बातचीत बंद कर देंगे।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चीन घबरा गया है और उसका यह कदम उन्हें बहुत भारी पड़ेगा।
चीन बोला- अमेरिका की दादागिरी नहीं चलेगी :
चीन के वित्त मंत्रालय ने अमेरिका के कदम को अनुचित और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए खतरा बताया है। मंत्रालय ने शुक्रवार (4 अप्रैल) को बयान जारी कर कहा, "अमेरिकी टैरिफ न सिर्फ अमेरिका के हितों को नुकसान पहुंचाएंगे, बल्कि वैश्विक सप्लाई चेन और विकास पर भी गंभीर असर डालेंगे।"
बाजारों में बढ़ी बेचैनी, निवेशकों में घबराहट :
ट्रंप की धमकी और चीन की प्रतिक्रिया के बाद ग्लोबल मार्केट्स में बेचैनी बढ़ गई है। निवेशक आशंकित हैं कि अगर यह ट्रेड वॉर और बढ़ा, तो इसका असर सिर्फ अमेरिका-चीन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था इसकी चपेट में आ सकती है।
Editorial

Editorial

Next Story