White House Turmoil; NSA Chief Axed!
अमेरिकी राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक चौंकाने वाला फैसला लेते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NSA) के डायरेक्टर और अनुभवी चार-स्टार जनरल टिमोथी हॉग को उनके पद से हटा दिया है। इस फैसले ने न केवल अमेरिका के भीतर हलचल मचाई है, बल्कि वैश्विक राजनीति और खुफिया समुदाय में भी चिंता की लहर दौड़ा दी है। इस बर्खास्तगी का समय और तरीका भी बेहद चौंकाने वाला है। यह फैसला दक्षिणपंथी कार्यकर्ता लॉरा लूमर की उस अपील के तुरंत बाद आया, जिसमें उन्होंने ट्रंप से "ग़ैर-वफादार" अधिकारियों को हटाने की मांग की थी। जानकारों का मानना है कि ट्रंप ने योग्यता से ज्यादा वफादारी को प्राथमिकता देते हुए यह कड़ा कदम उठाया है।
33 साल का अनुभव, फिर भी बाहर :
जनरल हॉग को साइबर और खुफिया क्षेत्रों में 33 वर्षों का अनुभव था। वह ट्रंप के आलोचक माने जाते थे और पूर्व जनरल मार्क मिले के करीबी भी। उनकी अचानक बर्खास्तगी से यह सवाल उठने लगा है कि क्या ट्रंप सत्ता में दोबारा आते ही राजनीतिक सफाई अभियान शुरू कर चुके हैं।
लूमर का बढ़ता प्रभाव :
लॉरा लूमर, जो कि कट्टरपंथी दक्षिणपंथी विचारधारा की प्रतिनिधि मानी जाती हैं, ने हाल ही में ट्रंप से मुलाकात की थी। उन्होंने NSA और NSS में मौजूद उन अधिकारियों को हटाने की मांग की जो “MAGA” यानी “Make America Great Again” एजेंडे के खिलाफ माने जाते हैं। ट्रंप का यह फैसला बताता है कि अब अमेरिकी खुफिया एजेंसियों में नियुक्तियां केवल पेशेवर क्षमता के आधार पर नहीं, बल्कि राजनीतिक निष्ठा पर तय होंगी।
सुरक्षा संकट या सिर्फ खर्च बचत ?
इस बर्खास्तगी को NSA के अंदर चल रहे सिग्नल-गेट विवाद से भी जोड़ा जा रहा है, जिसमें यमन में हूती हमलों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां लीक हुई थीं। हालांकि जनरल हॉग का इसमें सीधा नाम नहीं आया, लेकिन संस्था पर उठे सवालों ने उनकी कुर्सी को हिला दिया। वहीं कुछ जानकारों का मानना है कि यह ट्रंप के Department of Government Efficiency (DOGE) के तहत खर्च में कटौती का हिस्सा है, लेकिन इसकी टाइमिंग इसे महज़ आर्थिक कदम नहीं, बल्कि राजनीतिक ‘शुद्धिकरण’ का हिस्सा बनाती है।
क्या यह नई ट्रंप नीति की शुरुआत है ?
NSA की डिप्टी वेंडी नोबल की भी छुट्टी कर दी गई है। ट्रंप के करीबी अब खुलकर कह रहे हैं कि प्रशासन में वही टिकेगा जो ट्रंप के प्रति पूर्ण निष्ठावान होगा। ऐसे में यह घटना न सिर्फ एक व्यक्ति की बर्खास्तगी है, बल्कि अमेरिकी प्रशासन के अंदर एक नई विचारधारा की दस्तक भी है। जहां योग्यता से ज्यादा मायने रखेगी वफादारी। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि ट्रंप का यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करेगा या अंदरूनी अस्थिरता को जन्म देगा। फिलहाल, वॉशिंगटन में हलचल तेज़ है और दुनियाभर की नजरें ट्रंप के अगले कदम पर टिकी हैं।
Editorial

Editorial

Next Story