Delhi temperature
राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में गर्मी ने लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। अप्रैल की शुरुआत के साथ ही सूरज ने आग उगलनी शुरू कर दी है। तापमान तेजी से चढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में इसके 42 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर जाने की संभावना जताई जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने लू और तेज गर्म हवाओं के मद्देनज़र ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, साथ ही लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की चेतावनी दी है।
शनिवार को 39 डिग्री, रिज रहा सबसे गर्म :
शनिवार, 5 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रहा। रिज इलाके में पारा 39.4 डिग्री तक जा पहुंचा, जो कि राजधानी में सबसे ज्यादा रहा। अन्य क्षेत्रों जैसे आयानगर, लोधी रोड और पालम में भी तापमान 37 से 38 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। दिल्ली में अगले पांच दिनों तक तापमान लगातार 40 से 42 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं।
गर्मी के साथ सांस लेना भी हुआ मुश्किल :
तेज गर्मी के साथ दिल्ली की हवा भी अब सांस लेने लायक नहीं बची है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 219 रहा, जो कि ‘खराब’ श्रेणी में आता है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार की उम्मीद जताई है, जिसके 'मध्यम' श्रेणी में पहुंचने की संभावना है।
IMD और स्वास्थ्य विभाग की अपील :
आईएमडी और स्वास्थ्य विभाग दोनों ने मिलकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। हाइड्रेशन बनाए रखने, हल्के सूती कपड़े पहनने और दिन के गर्म घंटों में बाहर न निकलने की सिफारिश की गई है। दिल्ली में इस समय दोहरी मार देखने को मिल रही है—एक ओर तापमान का कहर, दूसरी ओर प्रदूषण का जहर। ऐसे में सतर्क रहना ही सबसे बेहतर उपाय है।
Editorial

Editorial

Next Story