Terror Strikes Pahalgam; Chaos and Cries
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की वादियाँ उस वक्त गोलियों की गूंज से कांप उठीं, जब आतंकियों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले का ताज़ा वीडियो अब सामने आया है, जिसमें गोलियों की आवाज़ और जान बचाने की कोशिश में भागते लोगों की चीख-पुकार दिल दहला देती है।
वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि कैसे आतंकी लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा रहे हैं। इस हमले में अब तक 28 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। हमले से जुड़े कई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक और दर्दनाक कहानी सामने आई है 20 वर्षीय हर्षल लेले की, जिसने इस हमले में अपने पिता को खो दिया। हर्षल ने बताया, "हमने जैसे ही दोपहर का खाना खाया, गोलियों की आवाज़ सुनाई दी। पापा को गोली लग गई, लेकिन मेरे दिमाग में बस एक बात थी — मम्मी को बचाना है।"
हर्षल की मां आंशिक लकवे की शिकार हैं और चल नहीं पातीं। ऐसे में हर्षल और उनके भाई ने मां को अपनी पीठ पर उठाकर खतरनाक रास्तों से भागकर जान बचाई। हर्षल खुद भी घायल हुए, लेकिन मां को सुरक्षित निकालना उनकी पहली प्राथमिकता थी। दावा किया जा रहा है कि आतंकी लोगों के नाम पूछकर उन्हें निशाना बना रहे थे। उन्होंने सिर्फ पुरुषों पर हमला किया और उन्हें बेरहमी से गोलियों से छलनी कर दिया। हमले के वक्त वहां छुट्टियां मनाने आए कई लोग मौजूद थे। पहलगाम का यह खौफनाक वीडियो न सिर्फ़ दहशत को दिखाता है, बल्कि एक बेटे के हौसले की मिसाल भी पेश करता है।
Editorial

Editorial

Next Story