Rakhi
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा चरम पर है। भारत सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का निर्देश दे दिया है। इसी बीच सीमा हैदर के भारत में रहने पर भी सवाल उठने लगे हैं, जिसने 2023 में अवैध तरीके से भारत आकर ग्रेटर नोएडा के सचिन मीना से शादी की थी। हाल ही में दोनों माता-पिता भी बने हैं।
देशभर में बढ़ते दबाव के बीच बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा राखी सावंत ने सीमा हैदर के समर्थन में आवाज उठाई है। शुक्रवार शाम अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो जारी करते हुए राखी ने अपील की कि सीमा हैदर को पाकिस्तान न भेजा जाए। राखी ने कहा, "सीमा अब भारत की बहू है, वह सचिन की पत्नी और उनके बच्चे की मां है। एक महिला के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।"
राखी सावंत ने कहा कि भले ही सीमा पाकिस्तानी नागरिक थी, लेकिन अब वह सचिन से शादी करके हिंदुस्तानी बन चुकी है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, "सीमा हैदर कोई फुटबॉल नहीं है जिसे लात मारकर निकाला जाए। वो अब यूपी की बहू है, हिंदुस्तान की बहू है। उसे यहीं रहने दिया जाए।"
पाकिस्तानी नागरिकों पर सख्ती :
भारत सरकार ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी हैं और सभी पाकिस्तानियों को जल्द से जल्द भारत छोड़ने का निर्देश दिया है। यह फैसला पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों और द्विपक्षीय संबंधों में आई गंभीर गिरावट के बीच लिया गया है।
सीमा हैदर का मामला अब मानवता और कानून के बीच संतुलन बनाने की चुनौती बनता जा रहा है। एक ओर सरकार की नीति सख्त है, तो दूसरी ओर राखी सावंत जैसे सेलेब्रिटी खुलकर सीमा के पक्ष में आवाज उठा रहे हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और भी बहस होने की संभावना है।
Editorial

Editorial

Next Story