Aamar Boss
बंगाली फिल्म 'आमार बॉस' इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है और इसे देखकर दर्शक काफी भावुक हो रहे हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म से दिग्गज अभिनेत्री राखी गुलजार पूरे 22 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राखी गुलजार और शिबोप्रसाद मुखर्जी लीड रोल में नजर आ रहे हैं। फिल्म में राखी गुलजार शुभ्रा गोस्वामी के किरदार में हैं, जबकि शिबोप्रसाद उनके बेटे अनीमेष गोस्वामी की भूमिका निभा रहे हैं।
ट्रेलर ने छुए दिल के तार :
ट्रेलर में मां-बेटे के खूबसूरत रिश्ते को बड़े ही संवेदनशील तरीके से दिखाया गया है। अनीमेष जहां घर पर अपनी मां का बेहद ख्याल रखने वाला बेटा है, वहीं ऑफिस में वह एक सख्त और डिमांडिंग बॉस के रूप में सामने आता है। कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है जब शुभ्रा गोस्वामी बेटे के ऑफिस पहुंचती हैं और वहां का माहौल पूरी तरह बदल देती हैं।
"यह कोई आम फिल्म नहीं है" — राखी गुलजार:
फिल्म को लेकर राखी गुलजार ने कहा, "'आमार बॉस' कोई साधारण फिल्म नहीं है। यह एक ऐसी कहानी है जो दिल से निकली है और दर्शकों के दिलों तक पहुंचेगी। यह फिल्म देखने के बाद भी लोगों के मन में लंबे समय तक अपनी जगह बनाए रखेगी।" शिबोप्रसाद मुखर्जी ने भी कहा कि यह फिल्म घर और ऑफिस की जिंदगी के बीच जद्दोजहद को बखूबी बयां करती है। साथ ही, उन्होंने राखी गुलजार के साथ काम करने को अपने करियर का एक बड़ा सम्मान बताया।
मानवीय रिश्तों और पीढ़ियों की सोच का चित्रण:
'आमार बॉस' एक ऐसी कहानी है जो अलग-अलग पीढ़ियों के बीच सोच के फर्क, मां-बेटे के रिश्तों की गहराई और ऑफिस की आपाधापी में खोती जा रही इंसानियत को बेहद भावनात्मक अंदाज में पेश करती है। यह फिल्म 9 मई, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, और माना जा रहा है कि यह दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ेगी।
यह भी पढे :
Editorial

Editorial

Next Story