Saif ail khan attack case
महाराष्ट्र के एक सेशन कोर्ट में बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के मामले में सुनवाई हुई। इस दौरान अदालत ने आरोपी बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शरीफुल इस्लाम की जमानत याचिका पर पुलिस से जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के मामले में एक बड़ा मोड़ आ गया है। महाराष्ट्र की अदालत ने इस घटना के आरोपी बांग्लादेशी नागरिक की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए पुलिस से जवाब तलब किया है। आरोपी ने दावा किया है कि उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया है और उसे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
आरोपी का दावा, झूठा फंसाया गया :
30 वर्षीय आरोपी शरीफुल इस्लाम ने पिछले हफ्ते अतिरिक्त सेशन जस्टिस ए.एम. पाटिल की अदालत में जमानत के लिए याचिका दायर की थी। उसने अपने बचाव में दावा किया कि उसने कोई अपराध नहीं किया है और उसे झूठे मामले में फंसाया गया है। आरोपी की ओर से वकील अजय गवली ने कोर्ट में पैरवी की, जिसके बाद अदालत ने पुलिस को जवाब दाखिल करने के लिए कहा।
16 जनवरी को सैफ अली खान पर हुआ था हमला :
बॉलीवुड स्टार सैफ अली खान पर यह हमला 16 जनवरी को मुंबई के बांद्रा स्थित उनके अपार्टमेंट में हुआ था। बताया जाता है कि हमलावर ने 12वीं मंजिल स्थित सैफ के फ्लैट में जबरन घुसकर उन पर चाकू से कई वार किए थे। इस हमले में गंभीर रूप से घायल सैफ अली खान को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इमरजेंसी सर्जरी के बाद उन्हें चार से पांच दिन बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस की जांच जारी, चार्जशीट दाखिल होना बाकी :
हमले के दो दिन बाद पुलिस ने शरीफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया था। जमानत याचिका में यह भी कहा गया है कि मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है, और अब केवल आरोप पत्र दाखिल किया जाना बाकी है। आरोपी ने दावा किया कि उसने जांच में पूरा सहयोग दिया है और उसे जेल में रखने का अब कोई मतलब नहीं है।
क्या आरोपी को मिलेगी जमानत ?
अब इस मामले में सभी की नजरें पुलिस के जवाब और अदालत के फैसले पर टिकी हैं। क्या आरोपी का दावा सही साबित होगा, या पुलिस के पास मजबूत सबूत हैं? आने वाले दिनों में इस केस में बड़ा मोड़ आ सकता है।
Editorial

Editorial

Next Story