In Kashi; Modi Vows Progress..
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को एक बार फिर विकास की सौगात दी। 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “काशी ने उज्जवल भविष्य की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। हमारी काशी अब केवल पुरातन नहीं, बल्कि प्रगतिशील भी है। मैं काशी के प्रेम का कर्जदार हूं।” काशी की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को आर्थिक ऊर्जा में बदलने के अपने संकल्प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “जिस काशी को स्वयं बाबा विश्वनाथ चलाते हैं, वही अब पूर्वांचल की आर्थिक रस्सी को खींच रही है।”
विकास की योजनाएं: शिक्षा, स्वास्थ्य और जल आपूर्ति पर फोकस :
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिन परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है, वे काशी और पूरे पूर्वांचल को एक नई दिशा देंगे। इनमें कनेक्टिविटी सुधारने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, हर घर जल योजना, शिक्षा व स्वास्थ्य से जुड़े संस्थान, और युवाओं को सशक्त करने वाली पहलें शामिल हैं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा, “ये सभी योजनाएं हर वर्ग, हर परिवार और खासकर युवाओं के लिए नई संभावनाएं लेकर आएंगी। काशी अब सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक नेतृत्व का केंद्र बन रही है।”
हर निवासी को मिलेगा लाभ, नारी शक्ति को किया सम्मानित :
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने काशी के प्रत्येक नागरिक को इन योजनाओं से लाभ मिलने की बात कही। साथ ही उन्होंने महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले को याद करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से हम आज नारी शक्ति के आत्मविश्वास और योगदान को सम्मान दे रहे हैं।
उन्होंने मेहनतकश महिलाओं को खासतौर पर बधाई देते हुए कहा, “इन बहनों ने बता दिया है कि अगर उन पर विश्वास किया जाए तो नया इतिहास लिखा जा सकता है।”
विपक्ष पर वार: सत्ता के लिए खेलते हैं खेल :
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में विपक्ष पर भी तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, “हम सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग सिर्फ सत्ता के लिए दिन-रात खेल खेलते रहते हैं। उनका एजेंडा है – परिवार का साथ, परिवार का विकास।”
पीएम मोदी ने जनता से आह्वान किया कि वे ऐसे स्वार्थी और परिवारवाद की राजनीति करने वालों को पहचानें और विकास की इस रफ्तार को रुकने न दें।
Editorial

Editorial

Next Story