✕
यूपी में मांस बिक्री पर सख्ती; इन इलाकों में लगा प्रतिबंध
By EditorialPublished on
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अवैध बूचड़खानों और धार्मिक स्थलों के पास मांस बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी है। अब किसी भी धार्मिक स्थल के 500 मीटर के दायरे में मांस की दुकानें नहीं खुलेंगी। सरकार के इस सख्त कदम के बाद कई इलाकों में मांस व्यापारियों पर असर पड़ सकता है। क्या यह फैसला यूपी में बड़ा बदलाव लाएगा या मांस कारोबारियों के लिए मुश्किलें बढ़ाएगा? जानिए पूरी खबर!
_202503292220152615.jpg)
x
_202503292220152615.jpg)
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अवैध बूचड़खानों और धार्मिक स्थलों के पास मांस बिक्री पर बड़ा एक्शन लिया है। सरकार ने आदेश जारी कर कहा है कि अब किसी भी मंदिर, मस्जिद, चर्च या गुरुद्वारे से 500 मीटर के दायरे में मांस की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित होगी। इसके अलावा, पूरे राज्य में अवैध बूचड़खानों को तुरंत बंद करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
राम नवमी पर सख्ती, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई :
सरकार ने 6 अप्रैल 2025 को राम नवमी के अवसर पर विशेष प्रतिबंध लागू करने का ऐलान किया है। इस दिन पूरे प्रदेश में पशु वध और मांस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अगर कोई इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ यूपी नगर निगम अधिनियम 1959 और खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 एवं 2011 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध बूचड़खानों पर फिर चला योगी सरकार का डंडा :
योगी आदित्यनाथ सरकार ने पहले भी 2017 में अवैध बूचड़खानों पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की थी और सैकड़ों बूचड़खानों को बंद करवाया था। अब सरकार ने 2014 और 2017 के पुराने आदेशों को फिर से लागू करने का फैसला किया है, जिसके तहत अवैध पशु वध और धार्मिक स्थलों के पास मांस बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
विशेष समितियां होंगी गठित, प्रशासन को कड़े निर्देश :
सरकार ने इस फैसले को सख्ती से लागू करने के लिए विशेष जिला स्तरीय समितियों का गठन किया है। इन समितियों में पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन, खाद्य सुरक्षा प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी शामिल होंगे, जो अवैध बूचड़खानों और प्रतिबंधित इलाकों में मांस बिक्री पर नजर रखेंगे।
धार्मिक स्थलों की पवित्रता और स्वच्छता को प्राथमिकता :
सरकार का मानना है कि धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखना जरूरी है और इस फैसले से धार्मिक भावनाओं का सम्मान भी होगा। कई इलाकों में अवैध बूचड़खानों और मांस बिक्री को लेकर जनता की शिकायतें आ रही थीं, जिसके बाद सरकार ने यह सख्त निर्णय लिया।
मांस कारोबारियों में हड़कंप, लेकिन सरकार अडिग :
योगी सरकार के इस फैसले से मांस कारोबारियों और अवैध बूचड़खानों के संचालकों में हलचल मच गई है। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि यह प्रतिबंध केवल अवैध रूप से चल रहे बूचड़खानों और धार्मिक स्थलों के पास स्थित दुकानों पर लागू होगा।
क्या यूपी में मांस कारोबार पर और बढ़ेगी सख्ती ?
योगी सरकार ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी अवैध बूचड़खानों और गैरकानूनी मांस बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सरकार का मानना है कि इस फैसले से प्रदेश में स्वच्छता बढ़ेगी, धार्मिक स्थलों का माहौल सुधरेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी क्या यह फैसला यूपी में बड़ा बदलाव लाएगा या मांस कारोबारियों के लिए नई चुनौती बनेगा? देखना दिलचस्प होगा!
Next Story
Related News
X

