✕
कुणाल कामरा का स्टूडियो बंद; जानिए वजह!
By EditorialPublished on
स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनकी हालिया टिप्पणी के बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसी बीच, तोड़फोड़ मामले में आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। अब राज्य मंत्री ने भी बयान दिया है कि कामरा की कॉल रिकॉर्डिंग की जांच कराई जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सियासी हलचल भी तेज हो गई है। क्या यह मामला और तूल पकड़ेगा या जल्द सुलझ जाएगा? पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
_202503242132342116.jpg)
x
_202503242132342116.jpg)
मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। अपने हालिया शो में उन्होंने बिना किसी का नाम लिए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे को 'गद्दार' कह दिया। कामरा ने इस शो की वीडियो क्लिप अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की, जिसके बाद महाराष्ट्र में हलचल मच गई।
स्टूडियो में तोड़फोड़ और आरोपियों को जमानत :
कामरा की इस टिप्पणी के बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उस स्टूडियो में तोड़फोड़ की, जहां यह शो रिकॉर्ड किया गया था। इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उन्हें 15,000 रुपये के निजी मुचलके पर जमानत मिल गई।
हैबिटैट स्टूडियो को किया गया बंद :
हंगामे के बाद जिस हैबिटैट कॉमेडी क्लब में शो शूट हुआ था, उसे बंद करने का फैसला लिया गया। रविवार रात बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता होटल यूनिकॉन्टिनेंटल के बाहर जमा हुए, जहां यह स्टूडियो स्थित है।
कामरा का बयान— नहीं है पछतावा !
विवाद बढ़ने पर मुंबई पुलिस ने कुणाल कामरा से संपर्क किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने साफ कहा कि उनका बयान पूरी तरह सोच-समझकर दिया गया था और उन्हें इसे लेकर कोई पछतावा नहीं है।
BMC की कारवाई, स्टूडियो की छत तोड़ी :
जिस स्टूडियो में यह शो शूट किया गया था, वहां BMC ने छत को आंशिक रूप से तोड़ने की कार्रवाई की। हालांकि, स्टूडियो पहले ही पुलिस द्वारा सील किया जा चुका था, इसलिए प्रशासन की ओर से कोई अतिरिक्त तोड़फोड़ नहीं की गई।
राजनीतिक घमासान, सीएम और उद्धव ठाकरे के बयान :
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कॉमेडी की स्वतंत्रता है, लेकिन अगर इसे जानबूझकर किसी के अपमान के लिए इस्तेमाल किया गया, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कामरा का समर्थन करते हुए कहा कि ‘गद्दार को गद्दार कहना कोई अपराध नहीं है।’
कामरा की कॉल रिकॉर्डिंग और बैंक स्टेटमेंट की होगी जांच :
महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने ऐलान किया कि कुणाल कामरा की कॉल रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और बैंक स्टेटमेंट की जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनके इस बयान के पीछे कोई अन्य व्यक्ति तो नहीं है।
विधानसभा में हंगामा, सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित :
कामरा के बयान का असर महाराष्ट्र विधानसभा में भी देखने को मिला। शिवसेना विधायकों ने कामरा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, जिससे सदन की कार्यवाही कई बार रोकनी पड़ी।
कामरा के खिलाफ FIR दर्ज :
शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कामरा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जिसमें BNS की विभिन्न धाराओं के तहत सार्वजनिक उत्पात और मानहानि के आरोप शामिल हैं। अब देखना होगा कि इस विवाद का अंजाम क्या होता है—क्या कामरा के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई होगी, या यह मामला जल्द शांत हो जाएगा?

Editorial
Next Story
Related News
X
