कुणाल कामरा का शिंदे गट पर बयान; FIR हुआ दर्ज
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कटाक्ष करना स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा को भारी पड़ गया है। मुंबई के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ BNS की धारा 353(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिवसेना के विधायक मुरजी पटेल ने यह शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने कामरा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस विवाद ने तब और तूल पकड़ लिया जब शिंदे गट की शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने मुंबई के खार इलाके में स्थित हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ कर दी। इस मामले में शिवसेना नेता राहुल कनाल समेत करीब 40 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया, और पुलिस ने राहुल कनाल को सुबह 4 बजे हिरासत में ले लिया।
शिवसेना की चेतावनी – ‘मुंबई में घूमने नहीं देंगे’ :
शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने साफ शब्दों में कहा कि अगर कुणाल कामरा दो दिनों के भीतर एकनाथ शिंदे से माफी नहीं मांगते, तो शिवसैनिक उन्हें मुंबई में स्वतंत्र रूप से घूमने नहीं देंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर कामरा सार्वजनिक जगहों पर दिखे तो उनके चेहरे पर कालिख पोत दी जाएगी।
मिलिंद देवड़ा का भी तीखा पलटवार :
शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने भी कुणाल कामरा की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने कहा, "एकनाथ शिंदे जी का मजाक उड़ाना वर्गवादी अहंकार की बू देता है। वे एक ऑटो चालक से महाराष्ट्र के सीएम बने हैं, जो उनकी काबिलियत को दर्शाता है।"
कुणाल कामरा ने क्या कहा था ?
कुणाल कामरा ने अपने शो में फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के गाने ‘भोली सी सूरत...’ की तर्ज पर एकनाथ शिंदे पर तंज कसा था। उन्होंने गाया: "ठाणे की रिक्शा, चेहरे पर दाढ़ी, आँखों में चश्मा... मेरी नज़र से तुम देखो तो गद्दार नज़र..." इसके अलावा, उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति पर व्यंग्य करते हुए कहा कि "शिवसेना, बीजेपी से बाहर आ गई। फिर शिवसेना, शिवसेना से बाहर आ गई। फिर एनसीपी, एनसीपी से निकली। अब एक वोटर को 9 बटन दिए जा रहे हैं।"
सियासी हलचल और बढ़ी :
इस पूरे विवाद ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। जहां कुणाल कामरा के समर्थकों ने इसे अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमला बताया, वहीं शिवसेना ने इसे अपने नेता का अपमान करार दिया। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कारवाई करती है और क्या कुणाल कामरा माफी मांगेंगे या विवाद और बढ़ेगा।
Editorial

Editorial

Next Story