✕
बांग्लादेश में हिंदुओं पर बढ़ते अत्याचार पर RSS की कड़ी प्रतिक्रिया, UN से हस्तक्षेप की मांग
By EditorialPublished on
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया है। इस प्रस्ताव में दुनियाभर के देशों से अपील की गई है कि वे बांग्लादेश में दमन का सामना कर रहे हिंदुओं के समर्थन में एकजुट हों। संघ ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की मांग की है ताकि वहां के हिंदुओं को सुरक्षा और न्याय मिल सके।
_202503221532116410.jpg)
x
_202503221532116410.jpg)
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की है और संयुक्त राष्ट्र (UN) से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा ने शनिवार (22 मार्च) को एक प्रस्ताव पारित कर दुनियाभर के हिंदुओं और वैश्विक समुदाय से बांग्लादेशी अल्पसंख्यकों के समर्थन में खड़े होने का आग्रह किया है।
संघ ने जताई गहरी चिंता :
RSS के प्रस्ताव में कहा गया कि बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर इस्लामी कट्टरपंथियों द्वारा लगातार सुनियोजित हिंसा की जा रही है। इसमें मठ-मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों और शिक्षण संस्थानों पर हमले, मूर्तियों का अनादर, संपत्ति की लूट, महिलाओं के अपहरण और अत्याचार जैसी घटनाएं शामिल हैं। संघ ने इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताया और कहा कि इसे केवल राजनीतिक संघर्ष के रूप में देखना सच से मुंह मोड़ने जैसा होगा।
लगातार घट रही हिंदू आबादी पर चिंता :
RSS के अनुसार, बांग्लादेश में हिंदू समाज, विशेष रूप से अनुसूचित जाति और जनजातियों को दशकों से उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। 1951 में जहां बांग्लादेश में हिंदू आबादी 22% थी, वहीं अब यह घटकर 7.95% रह गई है। प्रस्ताव में आरोप लगाया गया कि बांग्लादेश सरकार और सरकारी संस्थाएं इस हिंसा को रोकने में नाकाम रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय शक्तियों पर भी उठाए सवाल :
संघ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी षड्यंत्र होने की आशंका जताई है। प्रस्ताव में कहा गया कि कुछ वैश्विक शक्तियां भारत के पड़ोसी देशों में अस्थिरता फैलाने के लिए जानबूझकर भारत विरोधी माहौल बना रही हैं। इसमें पाकिस्तान और तथाकथित 'डीप स्टेट' की सक्रियता पर भी नजर रखने की जरूरत बताई गई।
हिंदुओं के साहस को सराहा :
RSS ने बांग्लादेश के हिंदू समाज के साहस की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से इन अत्याचारों का विरोध किया है। साथ ही, भारत और दुनिया के अन्य हिंदू संगठनों ने भी बांग्लादेशी हिंदुओं के समर्थन में आवाज उठाई है और उनके लिए सुरक्षा और सम्मान की मांग की है।
भारत सरकार के प्रयासों की सराहना :
RSS ने यह भी कहा कि भारत सरकार ने बांग्लादेशी हिंदुओं के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाया है और वहां के हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई है। संघ ने सरकार से अनुरोध किया कि वह बांग्लादेश सरकार से इस मुद्दे पर लगातार संवाद करे और हरसंभव प्रयास जारी रखे।
संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक समुदाय से अपील :
संघ ने संयुक्त राष्ट्र, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और वैश्विक नेताओं से अपील की कि वे बांग्लादेश में हो रहे अत्याचारों को संज्ञान में लें और वहां की सरकार पर दबाव बनाएं ताकि हिंदू और अन्य अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, संघ ने दुनियाभर के हिंदू समुदाय से इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया है।

Editorial
Next Story
Related News
X
