Elon Musk Ai Software
भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट Grok को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। सोशल मीडिया पर लोग Grok से अजीबोगरीब और बेहुदा सवाल पूछ रहे हैं, और चौंकाने वाली बात यह है कि चैटबॉट भी बिना किसी फिल्टर के विवादित और असभ्य जवाब दे रहा है। कई यूजर्स इन जवाबों को सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं, जिससे यह मामला और तूल पकड़ रहा है। इस बीच, Grok के मालिक एलन मस्क का रिएक्शन सामने आया है, जो अब वायरल हो गया है।
मस्क ने दी मजेदार प्रतिक्रिया, यूजर्स ने लिए मजे :
बीबीसी ने हाल ही में एक रिपोर्ट छापी थी, जिसका शीर्षक था - "एलन मस्क का ग्रोक भारत में तूफान क्यों ला रहा है?" इस पर एलन मस्क ने हंसने वाला इमोजी पोस्ट कर जवाब दिया। उनके इस रिएक्शन ने सोशल मीडिया पर आग लगा दी, और अब तक 90 लाख से ज्यादा लोग इस पोस्ट को देख चुके हैं। इस पर यूजर्स ने कई मजेदार कमेंट किए। एक यूजर ने लिखा, "Grok तो शहर की चुगली चाची बन गया!"
Grok पर सरकार की सख्ती, हो सकती है कानूनी कार्रवाई :
Grok की अनफिल्टर्ड प्रतिक्रियाओं को लेकर भारत सरकार अब सख्त रवैया अपनाने की तैयारी में है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर भारत में कोई यूजर Grok से ऐसे सवाल पूछता है जिससे भड़काऊ प्रतिक्रियाएं आती हैं, तो यूजर और प्लेटफॉर्म दोनों पर आपराधिक कार्रवाई हो सकती है।
मस्क की सरकार के खिलाफ याचिका, IT एक्ट पर उठाए सवाल :
मामला यहीं नहीं रुका। एलन मस्क ने 20 मार्च 2025 को कर्नाटक हाईकोर्ट में भारत सरकार के खिलाफ याचिका दायर की है। उन्होंने भारत के आईटी अधिनियम की धारा 79(3)(बी) को चुनौती दी है। मस्क की कंपनी का दावा है कि यह कानून गैरकानूनी सेंसरशिप को बढ़ावा देता है और सरकार अनुचित तरीके से कंटेंट को ब्लॉक कर प्लेटफॉर्म के संचालन को प्रभावित कर रही है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि सरकार धारा 79(3)(बी) की गलत व्याख्या कर रही है और ऐसे आदेश दे रही है जो आईटी एक्ट की धारा 69ए के नियमों का पालन नहीं करते।
आगे क्या होगा ?
Grok को लेकर मचा विवाद अब सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कानूनी मोड़ भी ले चुका है। भारत सरकार के रुख को देखते हुए Grok पर कड़े नियम लागू हो सकते हैं या फिर एलन मस्क की कानूनी चुनौती से नया मोड़ आ सकता है।
Editorial

Editorial

Next Story