✕
सोने के दाम में उछाल, खुदरा बिक्री में 25 फीसदी की गिरावट दर्ज
By EditorialPublished on
मार्च के पहले पंद्रह दिनों में सोने की कीमतों में लगभग 4% की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे खुदरा बिक्री में 25% तक गिरावट आई है

x

मुंबई। मार्च के पहले पंद्रह दिनों में सोने की कीमतों में लगभग 4% की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे खुदरा बिक्री में 25% तक गिरावट आई है। देश के प्रमुख सर्राफा बाजारों में थोक बिक्री में भी 60% तक की गिरावट देखी गई है। इस समय सोने की कीमतें आसमान छू रही हैं। जिससे शादी-ब्याह की तैयारी कर रहे परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बढ़ती कीमतों के कारण ग्राहक हल्के आभूषणों की ओर रुख कर रहे हैं ताकि शादी के बजट को मैनेज किया जा सके।
बुधवार को मुंबई में 24 कैरेट सोने की कीमत रु. 90,440 प्रति 10 ग्राम है, जो पिछले दिन की तुलना में रु. 440 की वृद्धि दर्शाती है। इस प्रकार, एक दिन में सोने की कीमत में रु.440 की वृद्धि हुई है।पिछले एक सप्ताह में सोने की कीमत में रु. 2,460 की वृद्धि और पिछले एक माह में सोने की कीमत में रु. 4,940 की जोरदार वृद्धि हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और मुद्रास्फीति के दबाव के चलते सोने की कीमतों में यह वृद्धि देखी गई है। यदि यह प्रवृत्ति जारी रहती है, तो आगामी महीनों में सोने की कीमतों में स्थिरता या और वृद्धि संभव है।
अक्षय तृतीया पर सोने की मांग में बढ़ोत्तरी की संभावना
सर्राफा बाजार के जानकारों के मुताबिक, यदि कीमतों में यह बढ़ोतरी जारी रही तो मांग में सुधार जल्द संभव नहीं है। अब 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर ही बड़े स्तर पर बिक्री की उम्मीद की जा रही है।
पीएनजी ज्वैलर्स के चेयरमैन सौरभ गाडगिल का कहना है कि ग्राहक अब हल्के आभूषणों की खरीदारी के साथ-साथ पुराने आभूषणों को बदलकर नए आभूषण ले रहे हैं। हालांकि, मूल्य के हिसाब से ज्वैलर्स को कोई बड़ा नुकसान नहीं हो रहा, लेकिन बिक्री की मात्रा जरूर प्रभावित हो रही है।
दक्षिण भारत के बाजारों में भी सुस्ती देखी जा रही है। जॉय अलुक्कास के सीईओ बेबी जॉर्ज के अनुसार, “मार्च 2024 की तुलना में इस साल मांग 25% तक कम हो गई है। सिर्फ ऊंची कीमतें ही नहीं, बल्कि बोर्ड परीक्षाओं का असर भी खरीदारी पर पड़ा है।”
खरीदारी को लेकर ग्राहक सतर्क
विशेषज्ञों के अनुसार, मांग में गिरावट चिंता का विषय नहीं है, लेकिन कीमतें और बढ़ीं तो प्रभाव गहरा हो सकता है। यदि सोने के दाम और बढ़ते हैं, तो आगामी महीनों में बिक्री में और गिरावट आ सकती है।

Editorial
Next Story
Related News
X
