Prayagraj
प्रयागराज। महाकुंभ 2025 के अंतिम अमृत स्नान के लिए रेलवे ने विशेष तैयारी की है। 26 फरवरी को होने वाले इस स्नान के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और बंगाल सहित कई राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचे हैं।
मौनी अमावस्या पर 360 से अधिक ट्रेनों के संचालन के बाद, रेलवे ने महाशिवरात्रि स्नान के लिए भी अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है। उत्तर मध्य रेलवे, पूर्वी तट रेलवे और उत्तर रेलवे ने व्यापक प्रबंध किए हैं। रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव स्वयं व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, जबकि रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार और जोनल महाप्रबंधक भी इस पर नज़र रख रहे हैं।
भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने 1,500 वाणिज्यिक विभाग के कर्मचारियों और 3,000 रेलवे सुरक्षा बल (RPF) जवानों को तैनात किया है। 29 रेलवे सुरक्षा विशेष बल स्क्वॉड, 2 महिला सुरक्षा स्क्वॉड, 22 डॉग स्क्वॉड और 2 बम निरोधक दल भी प्रयागराज में तैनात किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टिकट वितरण, सुरक्षा और आश्रय का विशेष प्रबंध किया गया है। प्रयागराज जंक्शन पर विशेष यात्री आश्रय बनाए गए हैं, जहां से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से ट्रेनों में भेजा जा रहा है। रेलवे के डिजिटल सेवाओं को भी यात्रियों ने अपनाया है, जिससे लाखों लोगों ने वेब पेज और कुंभ ऐप का उपयोग किया है।
रविवार को रेलवे ने 335 ट्रेनों का संचालन कर 16 लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाया। महाकुंभ के अंतिम सप्ताहांत में रेलवे का विशेष प्रबंधन जारी है ताकि श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा अनुभव मिल सके।
Editorial

Editorial

Next Story