dating-app
नवी मुंबई। डेटिंग ऐप के जरिए 33 लाख का घोटाला करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने इस ऐप के जरिए राजस्थान में भी कई लोगों को ठगी और लूट का शिकार बनाया है। आरोपियों की इस लूट के शिकार लोगों में कई पुलिस कर्मचारी और अन्य लोगों के शामिल होने की बात उजागर हुई है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर लड़कियों की तसवीरें अपलोड कर अपनी मीठी और मादक बातों से लोगों को फंसाया और उनसे मोटी रकम ऐंठी है। नवी मुंबई पुलिस के साइबर सेल ने उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
नवी मुंबई में रहने वाले 53 वर्षीय व्यक्ति के साथ डेटिंग ऐप के जरिए धोखाधड़ी का मामला हुआ था। इस व्यक्ति ने ऑनलाइन चैटिंग के दौरान युवती की बातों में फंसकर पूरे 33 लाख रुपए की रकम लुटा दी थी। जब इसके बावजूद उनकी इस लड़की से कोई मुलाकात नहीं हुई तो उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। लिहाजा, पीड़ित ने पुलिस में शिकायत कर दी। जांच में पता चला कि उनसे चैटिंग कर मोटी रकम की लूट करनेवाली कोई लड़की नहीं, बल्कि एक लड़का था।
पुलिस को पता चला है कि राजस्थान के संजय मीना ने शिकायतकर्ता के साथ-साथ राजस्थान में भी कई लोगों को फंसाकर उनसे मोटी रकम ऐंठी हैं। ठगी के शिकार ऐसे लोगों में पुलिस कर्मचारी और अन्य व्यक्ति शामिल हैं। संजय द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खाते और डेटिंग ऐप के माध्यम से पुलिस संबंधित लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकांश लोगों ने हनी ट्रैप का शिकार होने के डर से केवल बदनामी और समाज में फजीहत होने के डर से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने से परहेज किया है।
Editorial

Editorial

Next Story