eknath shinde
मुंबई। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को बम से उड़ाने की धमकी के मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई खुलासे हो रहे हैं। पुलिस ने जिन दो आरोपियों को इस मामले में पकड़ा है, उनसे पूछताछ में पता चला कि गर्लफ्रेंड की खुदकुशी के लिए जिम्मेदार युवक को फंसाने के लिए उसके मोबाइल से धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। पुलिस इस मामले में आरोपी के दावों की पड़ताल में जुटी है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को पकड़ा है। एक का नाम अभय गजानन है। दूसरे शख्स का नाम मंगेश वायल है। अभय गजानन के ईमेल से ही एकनाथ शिंदे को धमकी दी गई। आरोपी अभय गजानन ने प्राथमिक पूछताछ में बताया कि कुछ समय पहले उसकी गर्लफ्रेंड ने खुदकुशी कर ली थी। अभय को शक था की उसकी गर्लफ्रेंड की खुदकुशी के लिए मंगेश वायल जिम्मेदार है। मंगेश ने ही उसकी प्रेमिका को आत्महत्या के लिए मजबूर किया था। अभय इसी शक के वजह से मंगेश से बदला लेना चाहता था। इसलिए अभय ने साजिश रच कर मंगेश का फोन लिया और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को धमकी भरा ईमेल भेजा ताकि मंगेश को फंसाया जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपी के दावों की पड़ताल कर रही है।
Next Story