✕
माफी के बाद भी कम नहीं होगी रणवीर इलाहाबादिया की मुश्किलें
By EditorialPublished on
शो इंडियाज गॉट टैलेंट इन दिनों सुर्खियों में हैं। अब शो में अभद्र टिप्पणी करने को लेकर यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया ने माफी मांग ली है।

x

मुंबई। शो इंडियाज गॉट टैलेंट इन दिनों सुर्खियों में हैं। अब शो में अभद्र टिप्पणी करने को लेकर यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया ने माफी मांग ली है। उन्होंने कहा, कॉमेडी मेरी खासियत नहीं है और यह अच्छा नहीं था। अब मानवाधिकार आयोग ने रणवीर इलाहबादिया के कमेंट पर संज्ञान लिया है और यूट्यूब को पत्र लिखा है। अब NHRC ने कहा है कि यूट्यूबर प्लेटफॉर्म से इस वीडियो को हटाया जाए। स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में पेरेंट्स पर अश्लील कमेंट करने के बाद रणवीर ट्रोल्स के निशाने पर हैं। 31-वर्षीय ने एक्स पर एक माफी संदेश पोस्ट किया और कैप्शन दिया, ‘मुझे वह नहीं कहना चाहिए था जो मैंने पेरेंट को लेकर कहा था। मुझे खेद है। वीडियो संदेश में उन्होंने आगे कहा, -मेरा कमेंट सही नहीं था, न वो फनी था, कॉमेडी में मैं माहिर नहीं हूं, मैं यहां सिर्फ सॉरी कहने के लिए आया हूं।’
‘मुझसे फैसले लेने पर चूक हुई’
रणवीर इलाहाबादिया ने आगे कहा, आप लोगों में से कइयों ने पूछा कि क्या मैं इस तरह अपने प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना चाहता हूं, नहीं, मैं इस तरह बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं करना चाहता हूं। जाहिर तौर पर मैं इसे इस तरह इस्तेमाल नहीं करना चाहता। जो कुछ भी हुआ उसके पीछे मैं कोई सफाई नहीं देने जा रहा हूं। मैं माफी मांगता हूं, मुझसे व्यक्तिगत रूप से निर्णय लेने में चूक हुई। यह मेरी ओर से अच्छा नहीं था।
मेकर्स से वीडियो हटाने की अपील
रणवीर ने कहा कि परिवार एक ऐसी चीज है, जिसकी मैं कभी भी बेइज्जती नहीं करना चाहूंगा। मैंने इस पूरे मामले से ये सीखा है कि इस प्लेटफॉर्म को और बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने की जरूरत है। उन्होंने वादा किया कि वो और बेहतर होंगे। इसके साथ ही रणवीर ने बताया कि उन्होंने शो के मेकर्स से कहा है कि वो विवादित क्लिप को वीडियो से हटा लें। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि आप मुझे माफ कर देंगे।
‘बोलने की आजादी है लेकिन...’- CM फडणवीस
अल्लाहबादिया पर शो में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और अश्लीलता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है। वहीं, इस पूरे मुद्दे पर अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बयान भी सामने आ गया है। आइए जानते हैं कि सीएम फडणवीस ने क्या कहा है। यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया की विवादित टिप्पणी पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा- “मुझे इसके बारे में पता चला है। मैंने अब तक इसे देखा नहीं है। चीजों को गलत तरीके से कहा और पेश किया गया है।” देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा- “हर किसी को बोलने की आजादी है लेकिन हमारी आजादी तब खत्म हो जाती है जब हम दूसरों की आजादी का हनन करते हैं। हमारे समाज में हमने कुछ नियम बनाए हैं, अगर कोई उनका उल्लंघन करता है तो यह बिल्कुल गलत है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।”
शिवसेना ने दी चेतावनी
दूसरी ओर इस पूरे विवाद पर शिवसेना ने भी यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया को चेतावनी दी है। शिवसेना नेता ने कहा- “शिवसेना इस यूट्यूबर को चेतावनी देना चाहती है कि हमारी मां-बहनों का ऐसा अपमान नहीं किया जाना चाहिए। उन्हें अभिव्यक्ति की आजादी का गलत फायदा नहीं उठाना चाहिए। अगर वह नहीं मानेंगे तो हम उनका शो बंद करने की कोशिश करेंगे और कानूनी तौर पर उन्हें दोबारा ऐसे बयान देने से रोकने की भी कोशिश करेंगे।” भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ने समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया के खिलाफ ख़ार पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है।

Editorial
Next Story
Related News
X
