✕
डेढ़ करोड़ के आभूषणों के बदले नकली सोना
By EditorialPublished on
मुंबई। मुंबई के बोरिवली में एक जूलरी कारोबारी से लगभग डेढ़ करोड़ रुपए के आभूषणों की ठगी का मामला सामने आया है।

x

मुंबई। मुंबई के बोरिवली में एक जूलरी कारोबारी से लगभग डेढ़ करोड़ रुपए के आभूषणों की ठगी का मामला सामने आया है। हैदराबाद में ज्वेलरी का कारोबार होने का दावा करते हुए एक व्यवसायी ने इस व्यापारी से लगभग दो किलो सोने के आभूषण लिए और बदले में नकली सोने के बिस्किट देने की बात उजागर हुई है। इस ठगी के मामले में लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। बोरीवली पश्चिम में ‘क्रिशा आर्ट’ नामक एक ज्वेलरी शॉप है, जहां स्वर्णाभूषण तैयार करने और बेचने का कारोबार किया जाता है। इस दुकान के मालिक अजय वाया देशभर के व्यापारियों से स्वर्णाभूषणों की ऑर्डर लेते हैं और बदले में शुद्ध सोना, सोने के बिस्किट या नगदी स्वीकारते हैं।
सुरेश वैष्णव, जो सोने के तार बनाने का काम करते हैं और अजय वाया के परिचित हैं, ने अजय को बताया कि हैदराबाद के रामलाल गुर्जर को दो किलो सोने के मंगलसूत्र चाहिए। अजय ने आभूषण तैयार कर दिए और बताया गया कि रामलाल गुर्जर मुंबई आकर इन आभूषणों के बदले दो किलो सोने के बिस्किट देंगे।
इसके बाद, कालबादेवी इलाके के एक होटल में अजय ने अपने एक कर्मचारी को वैष्णव के साथ आभूषणों की डिलीवरी के लिए भेजा। होटल के बाहर, वैष्णव ने एक व्यक्ति को रामलाल गुर्जर बताकर उससे कर्मचारी की मुलाकात कराई। गुर्जर ने कर्मचारी से दो किलो सोने के गहने लिए और बदले में दो किलो सोने के बिस्किट दिए।
कर्मचारी ने बिस्किट लेकर दुकान लौटकर उनकी जांच की, तो पता चला कि वे बिस्किट नकली थे। इसके बाद व्यापारी ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Next Story
Related News
X

