✕
पोंजी स्कैम से ठगे गए निवेशकों का प्रदर्शन, कंपनी पर 13.5 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप
By EditorialPublished on
मुंबई (Mumbai) महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में टॉरेस ज्वेलरी के कथित पोंजी स्कैम (Torres Ponzi Scheme Fraud) से ठगे गए सैकड़ों निवेशकों ने सोमवार को दादर, नवी मुंबई और मीरा रोड स्थित कंपनी के कार्यालयों के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। निवेशकों का आरोप है कि कंपनी ने ऑनलाइन 11% साप्ताहिक रिटर्न, उपहार और रेफरल पर 20% बोनस का लालच देकर हजारों लोगों को फंसाया और फिर अचानक भुगतान रोक दिया।

x

मुंबई । मुंबई (Mumbai) महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में टॉरेस ज्वेलरी के कथित पोंजी स्कैम (Torres Ponzi Scheme Fraud) से ठगे गए सैकड़ों निवेशकों ने सोमवार को दादर, नवी मुंबई और मीरा रोड स्थित कंपनी के कार्यालयों के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। निवेशकों का आरोप है कि कंपनी ने ऑनलाइन 11% साप्ताहिक रिटर्न, उपहार और रेफरल पर 20% बोनस का लालच देकर हजारों लोगों को फंसाया और फिर अचानक भुगतान रोक दिया।
- 13.5 करोड़ की ठगी का मामला दर्ज
शिवाजी पार्क पुलिस ने प्लैटिनम हर्न प्राइवेट लिमिटेड, जो टॉरेस ब्रांड का संचालन करती है, के निदेशक सर्वेश सुरवे और विक्टोरिया कोवलेंको, सीईओ तौफीक रियाज़ उर्फ जॉन कार्टर, जनरल मैनेजर तानिया कास्टोवा और स्टोर मैनेजर वलेंटीना कुमार के खिलाफ 13.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज किया है। यह शिकायत खार निवासी 31 वर्षीय सब्जी विक्रेता प्रदीपकुमार वैश्य ने दर्ज कराई है।
वैश्य ने आरोप लगाया कि जून 2021 से 30 दिसंबर 2024 के बीच, आरोपियों ने उन्हें और अन्य निवेशकों को मोजोनाइट स्टोन में निवेश के बदले मोटे मुनाफे का लालच दिया। शुरूआत में कुछ भुगतान किए गए, लेकिन 30 दिसंबर के बाद सभी भुगतान बंद हो गए। निवेशकों का कहना है कि आरोपी देश छोड़कर भाग चुके हैं।
- निवेशकों का दर्द
दादर में प्रदर्शन कर रहे एक निवेशक ने कहा, “कंपनी ने अप्रैल 2024 में दादर में भव्य कार्यालय खोला था और 4% से लेकर 11% तक साप्ताहिक रिटर्न का वादा किया। 1 लाख रुपये के निवेश पर हर हफ्ते 5,000 रुपये ऑनलाइन अकाउंट में आते थे। साथ ही छोटे रत्न, प्रमाणपत्र और गिफ्ट वाउचर भी दिए गए। लेकिन पिछले सप्ताह से भुगतान बंद हो गया।”.
मीरा रोड में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में आरोप लगाया कि उन्हें 50,000-60,000 रुपये से लेकर 50-60 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ। निवेशक शुभम तिवारी ने बताया, “उन्होंने लैब-ग्रो डायमंड्स के जरिए 5% से 12% साप्ताहिक रिटर्न का वादा किया था। मैंने 1.5 लाख रुपये निवेश किए, जिसमें से केवल 54,000 रुपये ही वापस मिले। मैंने 1 लाख रुपये गंवा दिए।”
- तुर्भे में हंगामा और पुलिस की कार्रवाई
तुर्भे में सुबह टॉरेस के बंद स्टोर पर भीड़ ने पथराव किया। एपीएमसी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कंपनी ने अक्टूबर 2024 में तुर्भे में पोंजी स्कीम शुरू की थी। पिछले तीन महीनों से पुलिस गुप्त जांच कर रही थी और सबूत जुटा रही थी, लेकिन सोमवार के विरोध प्रदर्शन ने आरोपियों को फरार होने का मौका दे दिया।
अधिकारी ने कहा, “ग्राहकों को यहां प्रदर्शन करने के बजाय पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाहिए थी, ताकि कानूनी कार्रवाई की जा सके।”
- वायरल ऑडियो से सांत्वना
प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि एक वायरल ऑडियो संदेश में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पैसे सुरक्षित होने का आश्वासन दिया है। हालांकि, निवेशकों को इस दावे पर भरोसा नहीं है।
यह मामला अब आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) को स्थानांतरित किया जाएगा। पुलिस ने सभी निवेशकों से कानूनी प्रक्रिया के तहत मामले की शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

Editorial
Next Story
Related News
X
