guahati
गुवाहाटी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने जापान दौरे के दौरान विभिन्न अधिकारियों और उद्यमियों से मुलाकात कर असम और जापान के बीच संबंधों को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। दौरे के पहले दिन, मुख्यमंत्री ने जापान की प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष फुकुशिरो नुकागा के साथ रात्रिभोज किया, जहां खेल पर्यटन सहित कई विषयों पर चर्चा हुई। दूसरे दिन की शुरुआत उन्होंने टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित करके की, जिसे उन्होंने अपने लिए व्यक्तिगत सम्मान का क्षण बताया।
इसके बाद, उन्होंने जापान के राज्य मंत्रियों और कामेदा सेइका के सीईओ से मुलाकात की। इन बैठकों में असम में पर्यटन और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश के अवसरों पर गहन चर्चा हुई। हिरोशिमा में, मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी और हिरोशिमा बम हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने माइक्रोन मेमोरी प्लांट का दौरा कर कंपनी के उपाध्यक्ष को असम की इलेक्ट्रॉनिक सिटी में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
ओसाका में आयोजित "एडवांटेज असम 2.0" रोड शो में 80 से अधिक निवेशकों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान बताया कि असम का सकल राज्य घरेलू उत्पाद अगले वर्ष 85 बिलियन डॉलर और 2030 तक 143 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने 12 बिलियन डॉलर की अवसंरचना उन्नयन योजना और 2024 में 4 बिलियन डॉलर के निजी निवेश के लक्ष्य को भी उजागर किया।
यात्रा के दौरान, मुख्यमंत्री ने कंसाई पेंट्स और एनरिशन इंडिया कैपिटल के अधिकारियों से मुलाकात कर असम के स्टार्टअप और बाजार में निवेश के लिए उन्हें आमंत्रित किया। अपने दौरे के अंतिम दिन भी, मुख्यमंत्री की कई वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योगपतियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें निर्धारित हैं।
Editorial

Editorial

Next Story