Regional industry conclave
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Dr. Mohan Yadav) ने कहा है कि भविष्य का बुन्देलखंड, विकसित बुन्देलखंड होगा। प्रदेश में उद्योगों के विकास का कार्य निरंतर जारी रहेगा। छोटे से छोटे उद्यमी की सहायता के लिए भी राज्य सरकार पूर्ण सहायोग प्रदान करेगी। केन-बेतवा परियोजना के क्रियान्वयन से बुन्देलखंड के ढाई लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता की वृद्धि होगी, जिससे बुन्देलखंड क्षेत्र का स्वरूप बदल जायेगा। सागर में एयरपोर्ट का निर्माण होगा। प्रदेश के कई स्थानों पर विमानन की गतिविधियों के लिए केन्द्र सरकार का पूर्ण सहयोग मिल रहा है, इससे रोजगार भी बढेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सागर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे।
सागर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 23 हजार करोड़ के इन्वेस्टमेंट के प्रस्ताव सरकार का मिले हैं। बंसल ग्रुप ने 4 सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, एक 5-स्टार होटल और सोलर प्लांट लगाने के लिए 1350 करोड़ रुपए निवेश करने की बात कही। मध्य भारत एग्रो कंपनी बंडा में 500 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। वहीं, गीतांजलि ग्रुप ने निवाड़ी में 3200 करोड़ रुपए का इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट लगाने की बात कही। यादव ने कहा कि निवेश से प्रदेश में 28 हजार लोगों को रोजगार का अवसर मिलेगा। इससे पहले उन्हों ने कहा, सागर के सुरखी में डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए बड़ा प्रस्ताव मिला है। सागर के बाद क्रमश: रीवा, नर्मदापुरम और शहडोल में रीजनल इन्वेस्टर्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। कॉन्क्लेव में ओरछा-खजुराहो को डेस्टिनेशन वेडिंग और होटल इंडस्ट्री का हब बनाने का प्लान है। सागर के पुराने बीड़ी और अगरबत्ती उद्योग को पुनर्जीवित करने पर भी फोकस है। छतरपुर के फर्नीचर, दमोह के चने, टीकमगढ़ के अदरक और सागर के टमाटर को देश-दुनिया में पहुंचाने की तैयारी है। सागर की ढाना हवाई पट्टी को एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव आया है।
सागर में डेटा सेंटर का संचालन महत्वपूर्ण उपलब्धि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सागर में चलने वाले डेटा सेंटर की स्थापना महत्वपूर्ण कदम है। यह 1700 करोड़ का निवेश है और इससे लगभग एक हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नये 6 लेन और 4 लेन मार्गों का लाभ भी बुन्देलखंड क्षेत्र को प्राप्त होगा।
बीड़ी तथा अगरबत्ती सहित अन्य स्थानीय गतिविधियों को किया जायेगा प्रोत्साहित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुन्देलखंड ने कला, संस्कृति, वीरता से इतिहास में अपना स्थान बनाया है। इस क्षेत्र में चांदी का कार्य करने वालों, बीड़ी तथा अगरबत्ती उद्योग से जुड़े लोगों को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जायेगा। सागर में चांदी से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने क्लस्टर विकसित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि संभागीय कॉन्क्लेव से स्थानीय स्तर पर नई इकाइयों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण बन रहा है।
मध्य भारत एग्रो के पंकज ओसवाल ने कहा कि उनके समूह का सर्वाधिक निवेश मध्यप्रदेश में है। निवेश की उद्योग मित्र नीति तथा शासन का सहयोगी रवैया अतुलनीय है। उनका समूह सागर में सिंगल सुपर फॉस्फेट का उत्पादन कर रहा है। ओसवाल ने बताया कि उनके समूह की सागर के बंडा के पास 500 करोड़ रूपये निवेश की योजना है।
Editorial

Editorial

Next Story