hindu temple in amerika
वॉशिंगटन (एजेंसी)। अमेरिका (America) में बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर (BAPS Swaminarayan Mandir) को लगातार निशाना बनाया जा रहा। पिछले कुछ दिनों में कई हिंदू मंदिरों (hindu temples) पर हमला देखा गया है। न्यूयॉर्क (new york) की घटना को अभी 10 दिन भी नहीं बीते थे। अब कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में स्थित बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर को निशाना बनाया गया है। मंदिर के बाहर लगे बोर्ड पर हिंदू विरोधी टिप्पणी लिखी गई है।
घृणा अपराध की जांच कर रही पुलिस
सैक्रामेंटो काउंटी के पुलिस अधिकारी 'हेट क्राइम' यानी घृणा अपराध की जांच कर रहे हैं। रैंचो कॉर्डोवा क्षेत्र में आर्मस्ट्रांग एवेन्यू पर बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर मौजूद है। सैक्रामेंटो माथेर हवाई अड्डे के ठीक उत्तर में यह मौजूद है। मंदिर के बाहर लगे बोर्ड पर 'हिंदुओं वापस जाओ' लिखा था।
पानी की लाइन को भी काटा
पार्किंग स्थल के सामने लगे साइन बोर्ड पर भारत सरकार का उल्लेख करते हुए टिप्पणी लिखी गई। अधिकारियों ने कहा कि हमलावरों ने मंदिर से जुड़ी पानी की लाइन को भी काट दिया। यह हमले ऐसे समय में हो रहे हैं जब हाल ही में प्र.म. मोदी (PM Modi) अमेरिका की यात्रा पर गए थे। अमेरिका और कनाडा में हिंदू मंदिरों पर इस तरह के हमले पहले खालिस्तान समर्थकों की ओर से किए जाते रहे हैं।
इससे पहले 17 सितंबर को हुई थी घटना
इससे पहले, इस साल 17 सितंबर को न्यूयॉर्क के बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर में तोड़फोड़ की घटना हुई थी। न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने भी बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर की तोड़फोड़ की निंदा की थी और इसे अस्वीकार्य करार दिया था। कई अमेरिकी सांसदों ने न्यूयॉर्क में बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर के अनादर की निंदा की और अधिकारियों से जवाबदेही की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने देश में नफरत और हिंसा की बार-बार होने वाली घटनाओं पर भी चिंता जताई। भारतीय-अमेरिकी सांसद थानेदार ने इस घृणित कृत्य की कड़ी निंदा की और जोर देकर कहा कि 'तोड़फोड़, कट्टरता और घृणा' के ऐसे कृत्यों की पूरी तरह से जांच होनी चाहिए।
Next Story