gold trader mumbadevi
मुंबई। एल.टी. मार्ग पुलिस (LT Marg Police) ने मंगलवार को मुंबादेवी (Mumbadevi) स्थित एक 56 वर्षीय जूलरी कारोबारी (Gold trader) के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपी जूलरी कारोबारी पर एक अन्य जूलर से 59.30 लाख रुपये की ठगी का आरोप है।
मिली जानकारी के मुताबिक, परेली के जूलरी कारोबारी दिलीप चंदालिया (50) ने इस ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता चंदालिया के मुताबिक, अप्रैल में उनकी अशोक जैन से मुलाकात हुई थी। जैन ने बताया था कि उसका मुंबादेवी में जूलरी कारोबार है और वह होलसेल कीमतों पर स्वर्णाभूषणों की बिक्री करता है। आरोपी जैन ने शिकायतकर्ता से वादा किया था कि वह उसकी दुकान से अपने ग्राहकों के लिये स्वर्णाभूषण खरीदेगा और बदले में शिकायतकर्ता को उस रकम के बराबर को सोना देगा।
दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 17 और 21 अप्रैल को स्वर्णाभूषणों के ऑर्डर देते हुये शिकायतकर्ता से स्वर्णाभूषण लिये और बदले में उतने ही मूल्य का विशुद्ध सोना शिकायतकर्ता को दिया था। इससे शिकायतकर्ता का आरोपी पर विश्वास बैठ गया था। इसके बाद 24 अप्रैल को जैन ने शिकायतकर्ता को फोन कर कुछ आभूषणों की डिजाइन अपने ग्राहकों को दिखाने के लिये भेजने को कहा। शिकायतकर्ता ने जैन की दुकान पर दो किलोग्राम स्वर्णाभूषण भेज दिये। जैन ने 843.849 ग्राम के स्वर्णाभूषण पसंद किये और स्वर्णाभूषण रखते हुए अगले एक या दो दिन में 776.527 ग्राम विशुद्ध सोना देने का वादा किया।
आरोपी ने जो स्वर्णाभूषण शिकायतकर्ता से लिए थे, उसमें 36.85 लाख रुपये कीमत का ब्रेसलेट, 8.21 लाख रुपये के दो नेकलेस, और गले की तीन सोने की चेन जिनकी कीमत 14.24 लाख रुपये थी, आदि शामिल है। कुल स्वर्णाभूषणों की कीमत 59.31 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी ने इसके बाद तीन महीने बीतने पर भी शिकायतकर्ता को विशुद्ध सोना नहीं दिया और ना ही उसने कोई भुगतान ही किया। आरोपी ने जैन के फोन कॉल और मैसेजेस का जवाब देना भी बंद कर दिया। एलटी मार्ग पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन तडके के मुताबिक, आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Editorial

Editorial

Next Story