Ganpati Visarjan Bhiwandi
मुंबई। भिवंडी में गणपति विसर्जन (Ganpati Visarjan) के लिए भगवान गणेश की मूर्ति को ले जाते समय हंगामा हुआ है। खबर फैली कि मस्जिद के पास कुछ लड़कों ने मूर्ति पर पथराव कर दिया है, जिसके बाद भीड़ भड़क गई और 2 गुटों के बीच झड़प भी हो गई। हालात को काबू करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, भिवंडी में गणपति विसर्जन का कार्यक्रम था। हर साल की तरह इस साल भी वंजारपट्टी नाका पर मस्जिद के बाहर एक मंडप बनाकर, मोहल्ला कमेटी और पुलिस गणेश मंडल का स्वागत कर रहे थे। देर रात करीब बारह बजे के आसपास घुंघट नगर से भगवान गणेश को विसर्जन के लिए नदीनाका कामवारी नदी ले जाया जा रहा था। गणेश जी की मूर्ति जब वंजरपट्टी नाका से गुजर रही थी, उसी दरमियान ये खबर सामने आई कि मस्जिद के पास कुछ लड़कों ने मूर्ति पर पथराव कर दिया। कहा ये भी गया कि इस घटना से मूर्ति खंडित हो गई। हालांकि पुलिस इसकी जांच कर रही है। घटना के बाद मौके पर मंडल के लोगों ने मूर्ति तोड़ने को लेकर हंगामा कर दिया। सूत्रों की मानें तो एक युवक को भीड़ ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मूर्ति खंडित किए जाने को लेकर मंडल के लोगों ने मांग करते हुए कहा कि जब तक सभी आरोपियों को पुलिस नहीं पकड़ती, मूर्ति विसर्जन नहीं किया जाएगा। घटना की खबर लगते ही कुछ और मंडल के लोग पहुंचकर जय श्री राम का नारा लगाने लगे। देखते ही देखते दोनों समाज के लोगों की भीड़ बढ़ गई और तनाव का माहौल पैदा हो गया। माहौल बिगड़ता देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस ने लोगों को समझाया।
हालांकि गणेश भक्त आरोपी को पकड़ने की मांग करते हुए अड़ गए और कहा कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक गणपति विसर्जन नहीं किया जाएगा। पुलिस और बढ़ती भीड़ के बीच धक्का मुक्की होने लगी। हालात को देखते हुए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया, जिसमें कई लोगों को चोट लगी और कुछ पुलिसवाले भी घायल हुए।
Editorial

Editorial

Next Story