gold theft
मुंबई। आजाद मैदान पुलिस ने 230 ग्राम सोना और 21,380 रुपये नकद की चोरी के मामले में शिवड़ी से 28 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्बास मुस्तफा लब्बे के रूप में हुई है। चोरी की यह वारदात 2 सितंबर को झवेरी बाजार के पास हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता कल्याण में आभूषण कारोबारी है और अपना जूलरी स्टोर चलाते हैं। अपने जूलरी स्टोर के लिये आभूषणों की खरीदारी कर शिकायतकर्ता जब जवेरी बाजार के पास की एक दुकान से बाहर निकले और छत्रपति शिवाजी महाराज सड़क मार्ग से पैदल ही टर्मिनस जा रहे थे। जैसे ही वे अंजुमन इस्लाम स्कूल के पास पहुंचे, आरोपी लब्बे और उसके साथी कालिया ने उनके बैग से सोने के गहने और नकदी सहित 16 लाख 41 हजार रुपये का कीमती सामान चुरा लिया और भाग गए। बैग में नकदी के अलावा सोने का पेंडेंट, कंगन, नेकलेस, चेन, मंगलसूत्र, टॉप्स और अंगूठियां थीं। अंजुमन इस्लाम स्कूल के पास उन्होंने बैग की जिप खुली देखी तो पता चला कि सामान चोरी हो गया है। शिकायतकर्ता ने तत्काल आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में चोरी का मामला दर्ज कराया।
जूलर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी। जैसे ही आरोपी लब्बे, जिस पर शिवडी, भोईवाड़ा, मुंबई सेंट्रल और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस में पांच मामले दर्ज हैं, की संलिप्तता सामने आई, पुलिस टीम ने रे रोड इलाके में जाल बिछाया और उसे हिरासत में लिया। लब्बे द्वारा अपराध कबूल करने के बाद पुलिस ने उसके पास से चुराए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए। अदालत ने लब्बे को 15 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोपी का साथी कालिया अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
Editorial

Editorial

Next Story