Zaveri Bazaar
मुंबई। जवेरी बाजार (Zaveri Bazaar) के एक बुलियन कारोबारी से करीब 30 लाख की ठगी का मामला सामने आया है।कारोबारी ने इस ठगी की शिकायत लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता जूलरी कारोबारी कांदिवली के आकुर्ली रोड इलाके में रहते हैं। 46 वर्षीय जूलरी कारोबारी अनिल पामेचा जवेरी बाजार में स्वर्णाभूषणों की खरीद-बिक्री का कारोबार करते हैं। साल 2018 में गोरेगांव में एक जूलरी एग्जिबिशन में बेंगलुरू के कारोबारी रौनक जैन और सुनील जैन से उनकी जान-पहचान हुई थी। कुछ दिनों तक फोन पर बातचीत के बाद पामेचा ने उनसे कारोबार करना शुरू कर दिया। जैन बंधुओँ ने उनसे जुलाई 2020 तक 25 लाख रुपये कीमत की जूलरी खरीदी थी और उसका समय पर भुगतान भी कर दिया था। इससे पामेचा का जैन बंधुओं पर भरोसा और ज्यादा बढ़ गया था। 7 जुलाई 2020 को रौनक जैन ने पामेचा को करीब 80 लाख 10 हजार 546 रुपये कीमत के 1 हजार 704 ग्राम वजन की सोने की चेन और ब्रेसलेट का आर्डर दिया था। पामेचा ने कूरियर के जरिये यह जूलरी बेंगलुरू में जैन के पते पर भिजवा दी थी। जैन ने पामेचा को 10 लाख रुपये के आठ चेक जारी किये थे लेकिन बैंक खाते में रकम नहीं होने का हवाला देते हुये चेक जमा नहीं करने की गुजारिश की थी। काफी दिन इंतजार के बाद जब पामेचा ने पेमेंट के लिये जोर दिया और रकम नहीं होने पर जूलरी लौटाने के लिये कहा तो रौनक जैन ने 3 अगस्त 2020 को 40 लाख 10 हजार 255 रुपये कीमत की जूलरी लौटी दी थी। साथ ही 3 लाख रुपये पामेचा के बैंक खाते में जमा किये थे। बाकी 33 लाख 53 हजार 66 रुपये की रकम के लिये बाद में जैन टालमटोल करने लगा था। पामेचा द्वारा पैसों के लिये जोर देने पर वह कोरोना से कारोबार ठप होने की बात कहकर मोहलत मांग लेता। आखिरकार पामेचा को अपने साथ हुई ठगी का अंदाजा हुआ और उन्होंने एलटी मार्ग पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।
Editorial

Editorial

Next Story