Kumbh Mela 2025
प्रयागराज। महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे (North Central Railway) उपेन्द्र चन्द्र जोशी ने परिचालन नियंत्रण केन्द्र प्रयागराज का निरीक्षण किया। महाप्रबंधक के रूप में कार्यभार संभालने के बाद डीएफसीसीआईएल में यह उनका पहला निरीक्षण रहा। यह निरीक्षण आगामी कुंभ मेला 2025 (Kumbh Mela 2025) के आयोजन, उसकी तैयारी की जांच तथा भारतीय रेलवे में चलने वाली सभी मालगाड़ियों को ईडीएफसी में स्थानांतरित करने के मॉडल के अनुरूप किया गया। निरीक्षण के दौरान उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय और डीएफसीसीआईएल के अधिकारी मौजूद रहे। शरत चंद्रायन, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे, डी के वर्मा मुख्य माल परिवहन प्रबंधक, रजत पुरवार, डीजीएम (जी), ए. बी. सरन मुख्य महाप्रबंधक प्रयागराज पूर्व, देवेंद्र सिंह मुख्य महाप्रबंधक प्रयागराज पश्चिम, आशीष मिश्रा, महाप्रबंधक सुरक्षा, शशिकांत द्विवेदी महाप्रबंधक विद्युत, मन्नू प्रकाश दुबे अपर महाप्रबंधक (संचालन और व्यवसाय विकास)-ईडीएफसी और अन्य डीएफसी अधिकारी मौजूद रहे।
महाप्रबंधक ने सलाह दी कि उत्तर रेलवे, उतर मध्य रेलवे और पश्चिम मध्य रेलवे से आने वाली ट्रेनों की संख्या में वृद्धि के साथ ईडीएफसी में बचे हुए लंबे लूप का कार्य पुरे कर लेने चाहिए। महाप्रभंधक उत्तर मध्य रेलवे ने सुझाव दिया कि इंटरचेंज डिटेंशन से बचने के लिए सिंगल लाइन कनेक्शन के डबल लाइन पर अब पुनर्विचार करने की आवश्यकता है। इस सम्बन्ध में रेलवे बोर्ड द्वारा अनुमोदित विश्वनाथपुरी, चुनार तथा डगमगपुर लिंक लाइन की परियोजनाओं के सम्बंधित सभी कार्यो को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने भीमसेन क्षेत्र के घाटमपुर पावर हाउस और टीएचडीसी खुर्जा पावर प्लांट का रेलवे/डीएफसीसीआईएल के साथ इसके कनेक्शन को अंतिम रूप देने की सलाह दी है। महाप्रबंधक ने नए पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, नए कानपुर जंक्शन और नए खुर्जा में बनाए जा रहे वातानुकूलित रनिंग रूम की प्रगति की जांच और विश्लेषण किया तथा काम में तेजी लाने को कहा। आने वाले समय में लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर इन रनिंग रूम में विश्राम कर सकेंगे और बेहतरीन सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे, जिसमें मनोरंजन कक्ष आदि शामिल हैं।
Editorial

Editorial

Next Story