gym trainer
मुंबई। सस्ते में सोने के बिस्किट खरीदकर उसकी बिक्री से मोटा मुनाफा कमाने के चक्कर में विक्रोली के एक जिम ट्रेनर (gym trainer) को लेने के देने पड़ गये। सात लाख रुपये कीमत के सोने के बिस्किट छह लाख रुपये में दिलाने का झांसा देकर जिम ट्रेनर से छह लाख की ठगी को अंजाम दिये जाने का मामला सामने आया है। इस सौदे के दौरान बदमाशों ने पुलिस छापे का नाटक रचकर जिम ट्रेनर से नोटों से भरा बैग ले लिया और फरार हो गये। ठगी का अंदाजा होने पर जिम ट्रेनर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
विक्रोली में जिम ट्रेनर को दोस्तों से जानकारी मिली थी कि अनूप और हेमंत ये दोनों उसे सात लाख रुपये कीमत का 100 ग्राम सोने का बिस्किट महज छह लाख में दे सकते हैं। इस बिस्किट को खरीदकर सात लाख में बेचने पर सीधे एक लाख रुपये का फायदा हो सकता था। लिहाजा शिकायतकर्ता जिम ट्रेनर इस सौदे के लिये तत्काल उत्सुक हो गया। उसके दोस्तों ने उसे बताया कि सौदे से पहले उसे अनूप और हेमंत को छह लाख की रकम का इंतजाम होने की गारंटी देनी होगी।
जिम ट्रेनर ने किसी तरह से पैसों का इंतजाम किया और उनका वीडियो बनाकर हेमंत नामक व्यक्ति को भेज दिया। हेमंत ने रकम मिलने के बाद बिस्किट देने की बात कही और ट्रेनर को पहले विक्रोली पूर्व में, फिर पश्चिम में और वहां करीब घंटे भर के इंतजार के बाद एक तीसरी जगह पर सौदे के लिये मिलने को कहा। वहां पहुंचकर ट्रेनर और उसके दोस्त नोटों के बैग के साथ इंतजार कर ही रहे थे कि हेमंत का असिस्टेंट अनूप वहां पहुंचा। उसने नोटों का बैग लिया और वह बिस्किट का थैला ट्रेनर को देता उससे पहले ही वहां एक कथित पुलिस अधिकारी आ धमका। उसने डंडे से अनूप को पीटना शुरु कर दिया और पुलिस थाने ले जाने की बात कहते हुये अपनी गाड़ी में बिठाकर वहां से रफूचक्कर हो गया। अब ट्रेनर के पास ना तो बिस्किट थे और ना ही अपना पैसा। ट्रेनर ने तत्काल हेमंत को फोन लगाया तो उसका फोन भी बंद था। जिम ट्रेनर को अब सारा माजरा समझ आ गया। उसने तत्काल पार्कसाइट पुलिस में ठगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।
Editorial

Editorial

Next Story