✕
राइजिंग राजस्थान समिट 2024 के पहले रोड शो ने बनाया कीर्तिमान
By EditorialPublished on
'राइजिंग राजस्थान' (Rising Rajasthan) ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 (Global Investment Summit 2024) का पहला रोड शो (road show) शुक्रवार को मुंबई के नरीमन प्वाइंट पर स्थित ट्राइडेंट होटल में आयोजित हुआ। इस रोड शो ने एक नया कीर्तिमान बनाया।

x

मुंबई। 'राइजिंग राजस्थान' (Rising Rajasthan) ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 (Global Investment Summit 2024) का पहला रोड शो (road show) शुक्रवार को मुंबई के नरीमन प्वाइंट पर स्थित ट्राइडेंट होटल में आयोजित हुआ। इस रोड शो ने एक नया कीर्तिमान बनाया। इस इवेंट में 4.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू (समझौता ज्ञापन) साइन किए गए। इस निवेश से राजस्थान के 6.78 लाख लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
रोड शो में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) और उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ (Colonel Rajyavardhan Singh Rathore) ने उद्योग जगत के कई दिग्गजों से मुलाकात की और उन्हें राजस्थान में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उद्योग मंत्री के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें उन्होंने बताया कि 'राइजिंग राजस्थान' की जिम्मेदारी प्रदेश के 21 आईएएस अधिकारियों को सौंपी गई है।
विदेशो में भी रोड शो आयोजित होंगे
अगले दो महीनों के दौरान राजस्थान सरकार दिल्ली, हैदराबाद, चेन्नई, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, यूनाइटेड अरब अमीरात और सऊदी अरब, यूनाइटेड किंगडम और जर्मनी में भी रोड शो आयोजित करेगी।
मैं भरोसा दिलाता हूं आपको संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दूंगा: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, 'राजस्थान के नागरिकों के प्रतिनिधि के तौर पर आप सभी को राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के लिए न्योता देने आया हूं। आइए हमारे देश की सौंधी माटी में उद्यम का बगीचा लगाइए और उस माटी की सुगंध लीजिए। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आपके इस बगीचे के संवर्द्धन और संरक्षण के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दूंगा। राजस्थान में निवेश करने वाले उद्यमियों से मेरी बात हुई है। सभी से जो फीडबैक आया है, उससे साफ है कि राजस्थान में उद्योग लगाने वाले एक भी उद्यमी का उद्योग वापस नहीं हुआ है, बल्कि एक नहीं बल्कि कई उद्योग तैयार हुए हैं।
हर राज्य में राजस्थान हाउस बनाए जाएंगे
मुंबई में मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, 'मैंने वायदा किया था, उसे पूरा करने जा रहा हूं। देश के सभी राज्य की राजधानी में राजस्थान हाउस बनाने जा रहे हैं। इससे वहां के उद्यमियों को राजस्थान से संपर्क करने में मदद मिलेगी. उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। राजस्थान संभावनाओं से भरा हुआ है। पर्यटन की दृष्टि से खनिजों से भी राजस्थान भरपूर है। राजस्थान कच्चे तेल का सबसे बड़ा और प्राकृतिक गैस का दूसरा बड़ा उत्पादक है। मसालों के लिए अग्रणी उत्पादक है। राजस्थान में बड़े पैमाने पर मोटा अनाज पैदा होता है। कई उद्यमियों ने हमें कहा है कि हम मोटे अनाज के क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। हमने उनसे आग्रह किया है कि आइए आपको किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देंगे।
4.50 लाख करोड़ के समझौता ज्ञापन साइन हुए
राजस्थान सरकार द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा, सीमेंट, रसायन और पेट्रोकेमिकल्स, नागरिक उड्डयन और आईटीआई उन्नयन जैसे क्षेत्रों में फैले कई व्यावसायिक समूहों के साथ 4.5 लाख करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों पर डिजिटल हस्ताक्षर किए गए। अदाणी समूह, वेदांता समूह, जेएसडब्ल्यू समूह, टाटा समूह, वारी समूह, डालमिया समूह और स्टार सीमेंट सहित अन्य के प्रतिनिधियों के साथ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया।
हमारी सरकार ने पहले वर्ष ही समिट कर रही है : राठौड़
कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा, 'मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने कार्यकाल के पहले वर्ष में ही शिखर सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया। इसके चलते हमें तैयारी के लिए केवल 4 महीने मिले। लेकिन ऐसी छोटी चुनौतियां हमारे कार्यों को सीमित नहीं कर सकती हैं। शिखर सम्मेलन और इससे संबंधित कार्यक्रम दिसंबर 2025 तक योजनाबद्ध और आयोजित होते रहेंगे।
'राजस्थान में फाइल निपटारे का औसत समय मात्र 4 घंटे'
राजस्थान सरकार में चीफ सेक्रेटरी सुधांश पंत ने कहा, 'राजस्थान सरकार महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय कुछ ही घंटों में ले लेती है। हमारे उद्योग सचिव का औसत फाइल निपटान समय 1 घंटे से भी कम है। ऐसे निर्णय लेने में लगने वाले महीनों और वर्षों के विपरीत, राजस्थान सरकार की समन्वित निर्णय लेने की प्रक्रिया यह सुनिश्चित करती है कि निर्णय कुछ घंटों के भीतर लिए जाएं। कुछ महीने पहले विभाग के सचिवों का औसत फाइल निपटान समय लगभग 30 घंटे था और अब यह घटकर केवल 4 घंटे का औसत रह गया है।
राजस्थान में 70 हजार करोड़ का निवेश किया: अडानी
अदाणी सिमेंट्स, अदाणी पोर्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अदाणी ने आयोजन में कहा, 'उद्योग अनुकूल वातावरण बनाने के लिए राजस्थान सरकार का दृष्टिकोण सराहनीय है। 8 महीने के कम समय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के लिए निवेश का अच्छा माहौल तैयार किया है। हम साझेदारी में विश्वास करते हैं और राजस्थान विकास में हमारा सबसे मजबूत पार्टनर है। जैसलमेर और बाड़मेर में हमने 30 हजार करोड़ रुपये की लागत से 5 गीगावाट का सोलर पार्क इंस्टॉल किया है। राज्य में हमारे 3 सीमेंट प्लांट है, जिसके लिए हमनें 15 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है। हमने थर्मल पावर जनरेशन फैसिलिटी के लिए 8 हजार करोड़ का निवेश किया है। इसके अलावा हमने जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकास में भी निवेश किया है। हमने राजस्थान में कुल 70 हजार करोड़ का निवेश किया है, जिससे 37 हजार लोगों को नौकरी मिली है। राजस्थान में हमारा काम 239 गांवों में फैला हुआ है और इसने लगभग 3.35 लाख लोगों को प्रभावित किया है। राजस्थान में हमें जिस तरह के निवेश का माहौल मिला है, उसमें हम बहुत जल्द रीन्यूएबल एनर्जी और सीमेंट के काम और एयरपोर्ट के विस्तार के लिए नए सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर करेंगे।
'राइजिग राजस्थान' से 'विकसित राजस्थान' का उद्देश्य
रोड शो को संबोधित करते हुए अजिताभ शर्मा ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में राजस्थान 12 प्रतिशत की दर से बढ़ा, जो अधिकांश राज्यों द्वारा हासिल की गई विकास दर से अधिक है। राइजिंग राजस्थान सिर्फ एक घटना नहीं है, यह राजस्थान की अर्थव्यवस्था को मौजूदा 180 बिलियन से 350 बिलियन डालर तक दोगुना करने की एक परिवर्तनकारी यात्रा है। हम 'राइज़िंग राजस्थान' के माध्यम से "विकसित राजस्थान" के उद्देश्य को प्राप्त करना चाहते हैं।
दिसंबर में होगी 'राइजिंग राजस्थान' समिट 2024
'राइजिंग राजस्थान' ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन इस साल 9, 10 और 11 दिसंबर को जयपुर में होगा। इस मेगा समिट का उद्देश्य देश-विदेश की बड़ी-छोटी कंपनियों, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं और निवेशकों को राज्य में आकर काम करने के लिए आकर्षित करना और प्रदेश में विभिन्न तरह के उद्योग-धंधे लगाने में मदद करना कराना है।
'जयपुर में फिल्म सिटी बनाने की इच्छा'
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया, 'दो दिन पहले केसी बोकाडिया से मेरी मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने मुझसे राजस्थान की राजधानी जयपुर में फिल्म सिटी बनाने की इच्छा जाहिर की। मुझे कैबिनेट मीटिंग में जाना था, इसीलिए मैंने दो अधिकारियों को उनके साथ भेजा और कहा कि आप जमीन देख आइए। जब मैंने मीटिंग से वापस आकर उनसे पूछा कि जमीन कैसी लगी तो उन्होंने हसते हुए कहा कि मुझे जमीन बहुत पसंद आई। मैं वहीं फिल्म सिटी बनाऊंगा। इसके बाद हमने 4 घंटे में उनकी जमीन फाइनल कर दी।’

Editorial
Next Story
Related News
X
