gold smuggling
मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बुधवार को गोल्ड की स्मगलिंग (gold smuggling) के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 17 करोड़ रुपये कीमत का 23 किलोग्राम गोल्ड और करीब 40 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। जांच अधिकारियों के मुताबिक गोल्ड स्मगलिंग के कारोबार में आपसी रंजिश के चलते एक-दूसरे की मुखबिरी करने के चक्कर में जांच एजेंसियों को इसकी खबर मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम पायल जैन, पांखू देवी और राजेश शिवराजी जैन हैं। जांच अधिकारियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर दादर में नाथानी हाइट्स नामक बिल्डिंग में जाल बिछाया और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। इनमें से पायल नामक महिला ने अपने जूलर पति राजेश को मौके पर बुलाया। जांच अधिकारी तीनों को फिर एजेंसी के दफ्तर में पूछताछ के लिए ले गए थे। तीनों की तलाशी ली गई तो उनसे पिघलाई चेन्स, स्ट्रिप्स और अंडे के आकार के कैप्सूल्स के साथ वैक्स के तौर पर गोल्ड डस्ट बरामद हुई। बदन में छिपाकर रखा गया यह गोल्ड करीब 23.5 किग्रा था जिसकी कीमत 16 करोड़ 91 लाख रूपये के करीब है। दोनों महिलाओं ने जांच अधिकारियों को बताया कि पायल के पति राजेश और पांखू के पति रमेश माली के निर्देश पर ईश्वर नामक व्यक्ति से यह गोल्ड खरीदा था। ईश्वर उसी बिल्डिंग में रहता है।
दरअसल जूलर राजेश ने शुरू में एजेंसी के लिए ‘मुखबिर’ का काम किया था, लेकिन उसने अधिकारियों को यह विश्वास दिलाने के लिए 4-5 किलो सोने के बारे में जानकारी दी कि वह कानून के साथ है। एजेंसी के अधिकारियों का भरोसा जीतने के लिए उसने पहले भी ऐसी ही जानकारी दी थी, जिसके लिए उसे 30 लाख रुपये का इनाम मिला था। अधिकारियों ने बताया कि इस बार उसने जो जानकारी लीक की थी, उसमें कुछ गड़बड़ थी। पता चला कि गिरोह ने अपने ही एक सदस्य को गिरफ्तार करवाने की योजना बनाई थी, इसके लिये उसके घर में सिर्फ़ 4 किलो गोल्ड की मुखबिरी कर पकड़वाने की योजना बनाई थी और एजेंसी को जानकारी दे दी थी। लेकिन यह दांव उल्टा पड़ गया और सारा गोल्ड जांच अधिकारियों के हाथ लग गया।
गोल्ड स्मगलिंग की एक अन्य वारदात में जरीमरी के रहनेवाले अमन पटेल (24) को एयरपोर्ट के शौचालय में उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वह यूएई से आए एक यात्री से 1.5 किलोग्राम गोल्ड की डिलीवरी ले रहा था। इस गोल्ड की कीमत 1 करोड़ 3 लाख रुपये बताई गई है।
Editorial

Editorial

Next Story