crime
मुंबई। राजस्थान (Rajasthan) में अपने गांव की पहचान का बेजा फायदा उठाते हुये एक सोना कारोबारी (Gold Dealer) ने जवेरी बाजार (Zaveri Bazaar) के सोना कारोबारी को 97 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया है। शिकायतकर्ता कारोबारी की शिकायत पर एलटी मार्ग पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपी का नाम हितेशसिंह राव है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता जितेंद्रसिंह राव का जवेरी बाजार में स्वर्णाभूषण (gold jewelery) बनाने और बेचने का कारोबार है। वे मूलत: राजस्थान के उदयपुर के रहनेवाले हैं। उनके गांव के ही दो परिचित हितेशसिंह और राजेंद्र सिंह ये दोनों भाई भी सोने के आभूषणों की बिक्री का काम करते हैं। राजेंद्रसिंह का नवी मुंबई के पनवेल में कारोबार है। जबकि हितेशसिंह राजस्थान में सोने-चांदी का कारोबार करता है। पिछले साल जून में हितेशसिंह ने शिकायतकर्ता के दफ्तर में आकर अपनी पसंद के स्वर्णाभूषण तैयार करने के लिये अनुरोध किया था। चूंकि वे गांव के लिहाज से एक-दूसरे से काफी परिचित थे, तो जितेंद्र सिंह ने उनके साथ सौदा करने को हामी भरते हुये हितेशसिंह की मांग के मुताबिक सोने के आभूषण तैयार कर दे दिये। हितेश सिंह ने भी वादे के मुताबिक निर्धारित अवधि में भुगतान कर दिया। इस तरह हितेशसिंह ने शिकायतकर्ता का विश्वास जीत लिया और आगे उसने 713.879 ग्राम वजन की सोने की चेन, 507.230 ग्राम वजन के सोने के मंगलूसत्र, 396.640 ग्राम वजन के कान के झुमके आदि मिलाकर कुल 1617.740 ग्राम वजन के स्वर्णाभूषण शिकायतकर्ता जितेंद्रसिंह से बनवाकर ले लिये। हितेशसिंह ने इसका भुगतान 15 दिनों में करने का वादा किया था। लेकिन ना तो उसने भुगतान किया और ना ही सोना वापस किया। शिकायतकर्ता के संपर्क से बचने के लिये उसने अपना फोन भी बंद कर दिया। इसी दौरान हितेशसिंह की खोज-खबर लेने के लिये शिकायतकर्ता ने अपने गांव में फोन किया तो पता चला कि हितेशसिंह को गुजरात पुलिस की अपराध शाखा द्वारा गिरफ्तार किया गया है। हितेशसिंह के आपराधिक और ठग प्रवृत्ति का होने की बात पता चलने के बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ ठगी होने का अहसास होते ही उन्होंने एलटी मार्ग पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी हितेशसिंह के खिलाफ कुल 97 लाख रुपये कीमत के स्वर्णाभूषणों की ठगी का मामला दर्ज है।
Editorial

Editorial

Next Story