✕
मनु-सरबजोत की जोड़ी कांस्य के लिए भिड़ेगी
By EditorialPublished on
भारत को पेरिस ओलंपिक में पहला पदक दिलाने वाली मनु भाकर (Manu Bhaker) ने सरबजोत सिंह के साथ सोमवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के कांस्य पदक के मुकाबले के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

x

पेरिस (एजेंसी)। भारत को पेरिस ओलंपिक (Paris Olympics) में पहला पदक दिलाने वाली मनु भाकर (Manu Bhaker) ने सरबजोत सिंह के साथ सोमवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के कांस्य पदक के मुकाबले के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। मनु ने रविवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था और ओलंपिक पदक जीतने वाली वह पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनी थीं। भारत को उन्होंने ओलंपिक की निशानेबाजी रेंज पर 12 साल बाद पदक दिलाया था।
मनु-सरबजोत के सामने दक्षिण कोरियाई जोड़ी की चुनौती
मनु और सरबजोत ने मिश्रित टीम स्पर्धा में पदक के दौर में प्रवेश किया जहां उनका सामना मंगलवार को दक्षिण कोरिया की जोड़ी से होगा। यह वही खिलाड़ी है जिसके खिलाफ रविवार को मनु रजत जीतने से चूक गई थीं। रविवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कोरिया की दो निशानेबाज ओह ये जिन और येजी किम शीर्ष दो स्थान पर रही थीं और मनु तीसरे स्थान पर रही थीं। दूसरे स्थान के लिए येजी और मनु के बीच शूटआउट था और मनु ने 221.7 का स्कोर बनाया था। तब येजी ने 221.8 का स्कोर बनाकर दूसरा स्थान बरकरार रखा था। यानी मनु1 अंक से रजत से चूक गई थीं। मनु तीसरे स्थान पर रहकर एलिमिनेट हुई थीं। फिर ओह ये जिन ने 243.2 का स्कोर बनाकर स्वर्ण और येजी ने 241.3 का स्कोर बनाकर रजत जीता था। मनु ने 0.1 अंक से रजत चूकने का जिक्र बाद में अपने बयान में भी किया था।
मनु-सरबजोत की जोड़ी फाइनल में
अब मनु के पास दक्षिण कोरिया से बदला लेने का मौका है। वह रजत की कसक दूर कर सकती हैं। दरअसल, 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के कांस्य पदक के मैच में भारत का सामना दक्षिण कोरिया से ही है। मनु और सरबजोत की जोड़ी के सामने दक्षिण कोरिया की ओह ये जिन और ली वोन्हो की जोड़ी की चुनौती होगी। क्वालिफिकेशन राउंड में भारत की मनु भाकर और सरबजोत की जोड़ी ने 580 स्कोर किया और तीसरे स्थान पर रही। ओह ये जिन और ली वोन्हो की कोरियाई जोड़ी 579 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रही। मिक्स्ड टीम इवेंट में चार टीमें फाइनल के लिए क्वालिफाई करती हैं। शीर्ष दो टीमें स्वर्ण और रजत के लिए भिड़ेंगी, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें कांस्य के लिए भिड़ती हैं।
कोरिया से बदला लेने का मौका
ओह ये जिन ने रविवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण जीता था। अब मनु उन्हें हराकर कांस्य पर कब्जा जमा सकती हैं और कोरिया से बदला भी ले सकती हैं। शीर्ष स्थान पर तुर्किये की सेवाल इलायदा और यूसुफ डिकेच की जोड़ी रही। इन दोनों ने 582 का स्कोर किया। वहीं, सर्बिया की जोराना अरूनोविच और दामिर मिकेच की जोड़ी 581 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रही। इन दोनों टीमों के बीच स्वर्ण की लड़ाई होगी।
हारने वाली टीम रजत जीतेगी। यह मुकाबला मंगलवार को दोपहर एक बजे से खेला जाएगा। इस स्पर्धा में भारत की एक और जोड़ी रिदम सांगवान और अर्जुन चीमा की जोड़ी 576 के स्कोर के साथ 10वें स्थान पर रही।

Editorial
Next Story
Related News
X
