amit shah
जम्मू (एजेंसी)। मानसून के मौसम में भाजपा (BJP) के वरिष्ठ नेता जम्मू कश्मीर (Jammu and Kashmir) में दौरे कर विधानसभा चुनाव (Vidhansabha Election) के लिए सियासी जमीन सींच रहे हैं। केंद्रीय मंत्री (central minister) लगातार प्रदेश के दौरे पर पहुंच रहे हैं और साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। जुलाई के पहले सप्ताह में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने जम्मू का दौरा कर पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की थी। उसके बाद केंद्रीय मंत्रियों के दौरे तेजी पकड़ चुके हैं।
जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के प्रभारी और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी जुलाई माह में दो बार प्रदेश का दौरा कर चुके हैं। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल
(Arjun Ram Meghwal)
भी शनिवार को जम्मू पहुंचे थे और अन्य बैठकों के अलावा पार्टी के नेताओं से संवाद भी किया। जम्मू कश्मीर भाजपा के नेताओं की दिल्ली में भी बैठकें हुई हैं। पार्टी नेताओं ने बताया कि अगले एक पखवाड़े में और भी केंद्रीय मंत्री जम्मू-कश्मीर पहुंच सकते हैं। फिलहाल कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
फिलहाल विधानसभा चुनाव की घोषणा नहीं हुई है पर बहुत संभव है कि सितंबर-अक्टूबर में चुनाव हो सकते हैं ऐसे में सभी दल तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी तरूण चुग ने सात दिवसीय जम्मू प्रवास के दौरान उधमपुर डोडा संसदीय क्षेत्र की सभी विधानसभा क्षेत्रों में मोर्चों के सम्मेलनों में हिस्सा लेकर चुनावी तैयारियों को हवा दी। कठुआ जिले के विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें करने के बाद वह नई दिल्ली रवाना हुए। पार्टी नेताओं के अनुसार जल्द ही वह जम्मू रियासी संसदीय क्षेत्र में बैठकें करने आएंगे। हाईकमान के चुनावी तैयारी तेज करने के निर्देश के बाद इस समय प्रदेश में विधानसभा क्षेत्र स्तर पर भाजपा के सभी मोर्चों के सम्मेलन व त्रिदेव सम्मेलन हो रहे हैं।
भाजपा के उपाध्यक्ष पवन खजूरिया का कहना है कि भाजपा ने जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के बाद केंद्रीय मंत्रियों के लगातार दौरे होंगे। जम्मू संभाग के 43 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के सभी 7 मोर्चों के सम्मेलन अब 15 अगस्त तक जारी रहेंगे। प्रदेश भाजपा नेताओं को विधानसभा चुनाव तक आराम न करने के निर्देश है।
Next Story