Patanjali Foods
नई दिल्ली। पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड (Patanjali Ayurveda Ltd.) अपने होम और पर्सनल केयर के कारोबार को अपनी ही दूसरी कंपनी पतंजलि फूड्स लिमिटेड (Patanjali Foods Ltd.) को बेचने जा रही है। इसके लिए पतंजलि ने समूह की सूचीबद्ध कंपनी पतंजलि फूड्स लिमिटेड के साथ 1100 करोड़ रुपये की डील की है। इस अधिग्रहण से खाद्य तेल कंपनी पतंजलि फूड्स को एफ़एमसीजी कंपनी बनने में मदद मिलेगी।
पतंजलि फूड्स ने शेयर बाज़ार के नियामकों को बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पतंजलि आयुर्वेद के पूरे ग़ैर खाद्य बिजनेस का अधिग्रहण करने की मंजूरी दे दी है। इसमें बालों और त्वचा की देखभाल, दांतों की देखभाल और घर में उपयोग वाले उत्पादों का अधिग्रहण शामिल है। डील में सभी चल संपत्तियां, अचल संपत्तियां, कॉन्ट्रैक्ट, लाइसेंस, किताबें और रिकॉर्ड, कर्मचारी और कुछ देनदारियां शामिल हैं।
यह सौदा शेयरधारकों, कर्जदाताओं और अन्य आवश्यक मंजूरियों के बाद मूर्त रूप लेगा। .शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक, पतंजलि फूड्स और पतंजलि आयुर्वेद ने लाइसेंस समझौते पर भी सहमति जताई है, जिससे कंपनी को पतंजलि आयुर्वेद के स्वामित्व वाले ट्रेडमार्क और संबंधित बौद्धिक संपदा अधिकारों का उपयोग करने की अनुमति मिलेगी।
यह सौदा स्वतंत्र मूल्यांकनकर्ताओं के मूल्यांकन के आधार पर 1,100 करोड़ रुपये की एकमुश्त राशि में हुआ है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मंजूरी के बाद पतंजलि फूड्स अब अधिग्रहण के संबंध में निश्चित समझौतों को लागू करने के लिए जरूरी कदम उठाएगी। साथ ही आवश्यक मंजूरियां हासिल करने के लिए आवेदन करेगी। अलग से, कंपनी और पीएएल के बीच 3% टर्नओवर आधारित शुल्क के साथ-साथ अन्य शर्तों के लिए की लाइसेंसिंग व्यवस्था पर सहमति हुई है।
Editorial

Editorial

Next Story