kejriwal
नई दिल्ली (एजेंसी)। दिल्ली (Delhi) के राजेंद्र नगर (Rajendra Nagar) में एक कोचिंग सेंटर (Coaching Center) में डूबने से सिविल सेवा परीक्षा (civil services exam) की तैयारी कर रहे 3 अभ्यर्थियों की शनिवार रात को मौत हो गई थी। जिसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री और हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से सांसद अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने इस मामले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश की राजधानी में 3 होनहार नौजवान बच्चे बेसमेंट में डूब जाते हैं, आप ने दिल्ली का क्या हाल बना दिया है। उन्होंने पूछा कि क्या यही है केजरीवाल का झीलों का शहर ?
एक प्रेस वार्ता के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा, दिल्ली की क्या हालत कर दी है इन्होंने, झीलों का शहर बनाना था इन्हें दिल्ली को, देश की राजधानी में 3 होनहार नौजवान बच्चे, हमारे युवा साथी एक बेसमेंट में डूबकर मर जाते हैं, ये अरविंद केजरीवाल
(Arvind Kejriwal)
का मॉडल है, ये आम आदमी पार्टी का मॉडल है। किस स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है इन्होंने दिल्ली को। उन परिवारों से पूछो जिन्होंने अपने नौजवान बच्चों को खोया है, क्या बीत रही होगी उनके ऊपर। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कोचिंग सेंटर्स भेज रहे थे, क्या पता था वो बेसमेंट उनको निगल जाएगी। ये है उनका झीलों का शहर। ये किस तरह की राजनीति है। बता दें कि इस घटना को लेकर दिल्ली में राजनीति गर्मा गई है। जहां एक तरफ यूपीएससी परीक्षा (upsc exam) की तैयारी कर रहे छात्र इस घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।
तो वहीं दूसरी तरफ राजनीतिक दल भी एक-दूसरे पर जमकर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। उधर पुलिस ने इस घटना की जांच करने के लिए एक एफआईआर दर्ज करते हुए कई टीमें बनाई हैं, साथ ही पुलिस ने 'राव आईएएस स्टडी सर्किल'
( Rao IAS Study Circle)
के मालिक अभिषेक गुप्ता और समन्वयक देशपाल सिंह को हिरासत में लिया है और उन पर गैर इरादतन हत्या समेत अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, पूरी घटना की जांच के लिए कई टीम गठित की गई है। हमने दिल्ली दमकल सेवा से उस इमारत और बेसमेंट के बारे में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए कहा है, जिसका उपयोग एक लायब्रेरी के रूप में किया जा रहा था, लेकिन दस्तावेजों में उसे स्टोर रूम बताया गया था। उन्होंने बताया कि बेसमेंट जमीन के स्तर से आठ फुट नीचे था और शनिवार शाम को उसमें 18 से ज्यादा छात्र मौजूद थे, जब भारी बारिश के बाद उसमें पानी भर गया था। पुलिस विभाग में सूत्रों के अनुसार, बेसमेंट का प्रवेश द्वार बंद था, लेकिन बारिश के पानी के अत्यधिक बहाव के कारण यह क्षतिग्रस्त हो गया और पानी उसमें घुस गया। अधिकारी ने कहा, हम घटनाक्रम का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद हम उन लोगों की पहचान करेंगे, जो घटना के दौरान संस्थान के करीब खड़े थे और उनके बयान दर्ज करेंगे।
Editorial

Editorial

Next Story