✕
सोने के बिस्किट दिलाने का झांसा देकर जूलरी कारोबारी से 66 लाख की ठगी
By EditorialPublished on
जवेरी बाजार में कर्नाटक के जूलरी कारोबारी को टैक्स की रकम बचाते हुये सोना देना का झांसा देकर उससे 66 लाख 79 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

x

मुंबई। जवेरी बाजार में कर्नाटक के जूलरी कारोबारी को टैक्स की रकम बचाते हुये सोना देना का झांसा देकर उससे 66 लाख 79 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मूलत: कर्नाटक के उडपी के रहनेवाले सोना कारोबारी आर. प्रदीप कुमार की वर्ष 2019 में एक दोस्त के जरिये उज्ज्वल डुगल नामक शख्स से मुलाकात हुयी थी। डुगल उस वक्त एक यूनिवर्सिटी में पढ़ रहा था। पढाई खत्म करने के बाद वह साल 2023 में चंडीगढ़ चला गया। छह महीने पहले डुगल ने सोना कारोबारी को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिये एक सोने के बिस्किट की तसवीर भेजी और इसे बेचने की पेशकश की। डुगल ने कारोबारी प्रदीप कुमार को बताया कि इसके लिये उन्हें टैक्स अदा नहीं करना होगा और इसके चलते उन्हें काफी फायदा होगा। दिसंबर में आर प्रदीप को कारोबारी जरूरतों के लिये सोना चाहिये था और इसलिये उन्होंने 1 किलो 200 ग्राम शुद्ध सोने की मांग डुगल से रखी।
डुगल ने उन्हें जवेरी बाजार में एक ब्रोकर एशवर्ड विल्सन का मोबाइल नंबर भेजा और उनसे संपर्क करने को कहा। प्रदीप कुमार को विल्सन ने बताया कि यदि बिल के साथ सोना खरीदा तो टैक्स देना पड़ेगा और यदि बिना बिल के खरीदा तो टैक्स अदा नहीं करना होगा और काफी पैसे बचेंगे। प्रदीप कुमार बिना बिल के ही सोना खरीदने को तैयार हो गये और 60 लाख रुपये में 1 किलो 200 ग्राम सोने की खरीद-बिक्री का सौदा तय हो गया। प्रदीप कुमार ने कुछ एडवांस विल्सन को भेज दिया था। बाकी रकम नकद में देना तय हुआ था। प्रदीप कुमार 17 जनवरी को मुंबई पहुंचे और मुंबादेवी मंदिर के पास विल्सन ने उन्हें मिलने के लिये बुलाया। वहां विल्सन ने प्रदीप कुमार को 100 ग्राम वजन का सोने का बिस्किट सैम्पल के तौर पर दिखाया और इस तरह से 12 बिस्किट दिलाने की बात कही। लिहाजा प्रदीप कुमार ने विल्सन को 20 लाख रुपये दिये। इसके बाद प्रदीप कुमार और उनका दोस्त दहिसर में अपने रिश्तेदार के यहां जाकर ठहरे। विल्सन ने बिस्किट दिलाने में दो दिन लगा दिये जिसके बाद उसने प्रदीप कुमार को भुलेश्वर बुलाया और वहां उनसे 45 लाख 50 हजार रुपये लिये। उसी वक्त उसने प्रदीप कुमार को पुलिस द्वारा उसका पीछा किये जाने की बात कही और अलग-अलग रास्ते से पार्टी के यहां पहुंचने को कहा। प्रदीप कुमार और उनका दोस्त दुसरे रास्ते से बताई हुई सेठ की दुकान पर पहुंचे लेकिन विल्सन वहां नहीं पहुंचा। उसका मोबाइल भी बंद हो गया था। ठगी का अहसास होने पर प्रदीप कुमार ने एलटी मार्ग पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी विल्सन की तलाश की जा रही है।

Editorial
Next Story
Related News
X
