PM Kisan Samman Nidhi
उदयपुर (वि)। किसानों को संबल देने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर शुरू की गई मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) का शुभारंभ रविवार को टोंक में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ हुआ। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डीबीटी के माध्यम से पात्र किसानों के खातों में योजना की प्रथम किश्त के रूप में 1000-1000 रूपए हस्तांतरित किए। प्रदेश भर के 65 लाख से अधिक किसानों के खातों में 650 करोड़ रूपए की राशि हस्तांतरित की गई। इसमें उदयपुर जिले के 2 लाख 19 हजार से अधिक काश्तकारों के खातों में 21.88 करोड़ रूपए की राशि ट्रांसफर हुई।
मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का जिला स्तरीय कार्यक्रम रविवार को जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल के निर्देशन में सुखाड़िया रंगमंच सभागार में हुआ। सांसद डॉ मन्नालाल रावत, विधायक शहर ताराचंद जैन, विधायक उदयपुर ग्रामीण फूलसिंह मीणा, समाजसेवी रविन्द्र श्रीमाली, चंद्रगुप्तसिंह चौहान, प्रमोद सामर, उप महापौर पारस सिंघवी, डेयरी अध्यक्ष डालचंद डांगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि बतौर अतिथि मौजूद रहे। कार्यकारी अधिकारी सीसीबी डॉ प्रमोद कुमार सहित अन्य ने अतिथियों का स्वागत किया। सांसद डॉ रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार काश्तकारों को आर्थिक रूप में सशक्त बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रतिवर्ष कृषकों को 6000 रूपए देय हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकार गठन के साथ ही सम्मान निधि में 2000 रूपए बढ़ोतरी की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि उसी की परिणिति है। तीन किश्तों में कुल 2000 रूपए दिए जाएंगे, जो प्रधानमंत्री सम्मान निधि से अतिरिक्त होंगे। इससे किसानों को बीज आदि क्रय करने में मदद मिलेगी। मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए भी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, इससे भी किसानों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
उन्होंने काश्तकारों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर प्रगति करने का आह्वान किया। संचालन चेतन औदिच्य और रणवीरसिंह ने किया। टॉक में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने चयनित जिलों के चिन्हित काश्तकारों से वर्चुअल संवाद भी किया। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी कीर्ति राठौड़, गिर्वा एसडीएम रिया डाबी, सहकारिता विभाग के अतिरिक्त रजिस्ट्रार प्रेमप्रकाश माण्डोत, उप रजिस्ट्रार हरीश सीवासिया, मेहजबीन बानू, महाप्रबंधक सहकारी भण्डार राजकुमार सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में काश्तकार उपस्थित रहे।
Editorial

Editorial

Next Story