Mumbai Coastal road
मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) ने हाल ही में जानकारी दी थी कि मुंबई समुद्री तटीय मार्ग (Mumbai Coastal road) को सी लिंक (Sea Link) तक विस्तारित कर इस पूरे मार्ग को अक्तूबर तक शुरु कर दिया जायेगा। लेकिन अब मुंबई महानगरपालिका के सूत्रों की मानें तो यह तटीय मार्ग अक्तूबर के बाद ही शुरु होने की उम्मीद है।
सूत्रों के मुताबिक, तीन महीनों के मानसून और उसके बाद तीन गर्डर की स्थापना के लिये लगनेवाले समय के कारण यह काम अक्तूबर तक पूरा होने की उम्मीद कम है। इसी में विधानसभा चुनाव का ऐलान होने की संभावना भी है। तो ऐसे में अक्तूबर तक इस तटीय मार्ग को संचालन के लिये उपलब्ध कराना फिलहाल मुमकिन नजर नहीं आ रहा।
मुंबई कोस्टल रोड के वर्ली के बिंदू माधव ठाकरे चौक से मरीन ड्राइव तक का नौ किमी के पहले चरण को 12 मार्च 2024 को वाहनों की सेवा के लिये उपलब्ध कराया गया है। इस चरण में प्रियदर्शिनी पार्क से मरीन ड्राइव तक 2.07 किमी लंबी सुरंग का संचालन भी शामिल है जिससे तेज रफ्तार सफर की सुविधा भी मिल रही है। कुल मिलाकर वर्ली सी फेस से मरीन ड्राइव तक का आधे से पौने घंटे का सफर फिलहाल दस से पंद्रह मिनटों में ही पूरा हो रहा है। अब मरीन ड्राइव से वर्ली का दूसरा मार्ग जून तक शुरु करने की कोशिश की जा रही है। यह मार्ग बांद्रा – वर्ली सी लिंक से भी जुड़ेगा। कोस्टल रोड और सी लिंग 26 अप्रैल 2024 को पहले महाकाय गर्डर (बो आर्च स्ट्रिंग गर्डर) से जोड़ने का चरण पूरा किया गया था। इसके बाद 15 मई को दुसरा बड़ा गर्डर बिठाया जायेगा। कोस्टल रोड के दक्षिण तरफ के इस जुडाव के कारण कोस्टल रोड और सी लिंक एक दूसरे से पूरी तरह से जु़ड़ गये हैं। अब उत्तर की ओर मरीन ड्राइव से बांद्रा की दिशा में जुडाव का काम करने के लिये तीन गर्डर बिठाने का काम किया जायेगा। यह काम पूरा कर अक्तूबर से सी लिंक तक का पूरा मार्ग खोल दिया जायेगा। इस तरह की जानकारी दी गई थी लेकिन ताजा जानकारी के मुताबिक, नवंबर या दिसंबर तक ही यह मार्ग सेवा के लिये उपलब्ध हो सकेगा। विधानसभा चुनाव के ऐलान की संभावनाओं के कारण जाहिर है आचार संहिता के चलते काम और ज्यादा लंबित होने की संभावना भी है। तो ऐसे में पूरे कोस्टल रोड का संचालन नवंबर या दिसंबर तक ही शुरु होने की संभावना लग रही है।
Next Story