suryakumar man of the match
बारबाडोस (एजेंसी)। टी20 विश्व कप में 2024 (T20 World Cup 2024) में भारत ने अपने पहले सुपर-8 (Super-8) मुकाबले में अफगानिस्तान को 47 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम सुपर-8 के ग्रुप-1 में शीर्ष पर पहुंच गई है। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने 28 गेंद में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 53 रन की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 189.29 का रहा। जहां बाकी भारतीय बल्लेबाज रन बनाने के लिए जूझते दिखे, वहीं सूर्या ने बड़ी आसानी से अपने अनऑर्थोडॉक्स शॉट खेले और अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किए।
गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आ रही थी, लेकिन सूर्या को इससे फर्क नहीं पड़ा और वह रन बटोरते गए और भारत को 181 के स्कोर तक पहुंचने में मदद किया। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। सूर्यकुमार को उनकी बेहतरीन पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच
(Man of the match)
चुना गया।
यह सूर्यकुमार का 64वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच था और इतने मैचों में वह अब तक 15 बार प्लेऑफ ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीत चुके हैं। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के मामले में विराट कोहली की बराबरी की। विराट भी 15 बार प्लेयर ऑफ द मैच बने हैं। हालांकि, विराट ने इसके लिए 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे, जबकि सूर्यकुमार ने उनसे लगभग आधे मैच खेले हैं और उनकी बराबरी कर ली है। विराट टी20 अंतरराष्ट्रीय में पिछली बार प्लेयर ऑफ द मैच 2022 टी20 विश्व कप के दौरान बने थे। छह नवंबर 2022 को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच के दौरान नाबाद 64 रन की पारी के लिए विराट प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। इसके बाद विराट आठ मैच खेल चुके हैं, लेकिन प्लेयर ऑफ द मैच नहीं बन पाए। 2022 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 50 रन बनाए थे। इसके बाद से छह पारियों में उनके बल्ले से कोई अर्धशतक नहीं निकला है। विराट के नाम 121 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 137.6 के स्ट्राइक रेट से 4066 रन हैं।
Editorial

Editorial

Next Story