gold jewelery
मुंबई। दक्षिण मुंबई में जवेरी बाजार (Zaveri Bazaar) में जूलरों के करीब पौने चार करोड़ रुपये के स्वर्णाभूषण (gold jewelery) लेकर कारीगर के फरार होने का मामला सामने आया है। लोकमान्य तिलक (एल.टी.) मार्ग पुलिस ने आरोपी यादव चंद्रपाल (30) के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता केसरसिंह मोडसिंह खरवड (53), पेशे से सोना कारोबारी हैं और मूल रूप से राजस्थान के जिला राजसमंद स्थित मोजवतों का गुड़ा (रिंछेड) के रहनेवाले हैं। यहां जवेरी बाजार में उनकी शुभम ज्वेलर्स नामक जूलरी शॉप है जबकि मालाड में उनके बेटे की अमज ज्वेलर्स नामक जूलरी शॉप है। यादव चंद्रपाल उनका परिचित कारीगर था और अक्सर वे यादव चंद्रपाल से स्वर्णाभूषण तैयार करवाकर लेते थे। यादव का जवेरी बाजार में मिर्जा स्ट्रीट, मांडवी इलाके में जैनब हाउस में स्वर्णाभूषण निर्माण का कारखाना है। यादव ने अच्छे काम के जरिये स्थानीय स्तर पर जूलरों का विश्वास अर्जित कर लिया था। यही वजह रही कि खरवड और उनके अन्य कई परिचित जूलर भी यादव को ही स्वर्णाभूषण तैयार करने के लिये दिया करते थे। यादव 20 से 25 दिन में जूलरी तैयार कर डिलीवर कर दिया करता था।
6 फरवरी से 18 अप्रैल 2024 के दौरान खरवड और उनके जूलरी कारोबारी मित्र निलेश कांतीलाल जैन, संकेत सुशील डांगी, विकेश चंपालाल जैन, पियुष सोनी, जिनेश पारेख, निलेश कांतीलाल जैन आदि सात जूलरी कारोबारियों ने यादव चंद्रपाल को 3 करोड़ 73 लाख रुपये कीमत का 5 किलो 192 ग्राम वजन का सोना आभूषण बनाने और मरम्मत और पॉलिश जैसे कामों के लिये दिया था। इस तरह यादव ने नाकोडा ज्वेलर्स, दर्शन गोल्ड, स्वर्ण सरिता ज्वेल्स इंडिया लिमिटेड, प्रताप ज्वेल्स, शिल्पी ज्वेल्स, जैनिस ज्वेल्स और स्वर्ण मुद्रा ज्वेलर्स जैसे तमाम जूलरी शॉप के मालिकों से सोना लिया था।
इस बार जब समय पर स्वर्णाभूषण नहीं मिले तो जूलरी कारोबारी यादव चंद्रपाल से संपर्क कर इस बाबत पूछताछ करने लगे थे। यादव लगातार टालमटोल करता रहा और आखिरकार पौने चार करोड़ रुपये के स्वर्णाभूषण लेकर फरार हो गया। इस बात की खबर लगते ही खरवड यादव के जवेरी बाजार स्थित यादव के कारखाने में पहुंचे। वहां पता चला कि यादव फरार हो गया है। इसके बाद सातों जूलरी कारोबारियों ने तत्काल एलटी मार्ग पुलिस स्टेशन की राह पकड़ी और अपनी शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिक जांच करते हुये पुलिस ने यादव चंद्रपाल के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस को संदेह है कि यादव ने इसी तरह से और भी कई जूलरों से सोना लेकर उन्हें अपनी ठगी का शिकार बनाया हो सकता है।
Next Story